एमआईएस डाटा अपडेट करने में ढिलाई, विभाग हुआ सख्त
अंबाला कैंट।
शिक्षा विभाग में कर्मचारियों की ज्वाइनिंग और रिलीविंग को लेकर एमआईएस डाटा अपडेट न करने पर विभाग सख्त हो गया है। विभाग के आईटी विभाग के सहायक निदेशक की ओर से इसी को लेकर सभी डीईओ सहित अन्य अधिकारियों को पत्र जारी कर इस में बरती जा रही लापरवाही पर रिपोर्ट भी मांगी है। विभाग का कहना है कि इन मामलों में जो भी टिप्पणी आदि है, वह भी पोर्टल पर डाली जाए। शिक्षा विभाग ने अपने कर्मचारियों की ज्वाइनिंग और रिलीविंग को लेकर एमआईएस पोर्टल बनाया है। इसी पोर्टल पर कर्मचारियों के ज्वाइनिंग और रिलीविंग आर्डर को डाला जाता है। इसका मकसद विभागीय कार्य में पारदर्शिता लाना है। लेकिन विद्यालय शिक्षा निदेशालय का कहना है कि इस मामले में इस पोर्टल पर डाटा अपडेट नहीं किया जा रहा है, जबकि निर्देशानुसार यह करना जरूरी है। इस मामले में प्रदेश भर में लापरवाही बरती जा रही हैं, जबकि इसी को लेकर निदेशालय भी अब गंभीर हो चुका है। इसी को लेकर विभाग ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों सहित डीईईओ, प्रिंसिपल, स्कूल मुखिया को लेटर जारी किया है। इस लेटर के जरिये कहा गया है कि जिला व स्कूल स्तर पर एमआईएस पोर्टल पर रिलीविंग और ज्वाइनिंग के बारे में पूरी जानकारी अपडेट की जानी चाहिए ताकि कोई विवाद खड़ा न हो।
अंबाला में हो चुका है विवाद
अंबाला के एक सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल की रिलीविंग और ज्वाइनिंग को लेकर भी विवाद हो चुका है। इस मामले में प्रिंसिपल की रिलीविंग व दूसरे सेंटर पर ज्वानिंग की तिथियों में ही काफी अंतर आया था। इसी पर काफी बवाल भी हुआ और यह मामला काफी सुर्खियों में भी रहा।
विभाग ने मांगी रिपोर्ट
विभाग के आईटी सैल ने इस संबंध में सभी डीईओ सहित अन्य शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर रिपोर्ट भी मांगी है। इस में जिला स्तर पर डीईओ अथवा डीईईओ एमआईएस पोर्टल पर अपने जिला की निल पेंडेंसी रिपोर्ट विभाग को भेजेंगे। इसे लेकर विभाग एमआईएस पोर्टल पर ज्वाइनिंग और रिलीविंग के संबंध में डाटा पूरा करना होगा।