जीएसटी के विरोध में आज से सात सौ दुकानों पर लटकेंगे ताले
भिवानी। पहली बार कपड़ों पर टैक्स लगाने से कपड़ा व्यापारी नाराज है। जीएसटी के विरोध में कपड़ा व्यापारियों ने 27 से 29 जून तक कपड़ा मार्केट बंद रखने का निर्णय लिया है। व्यापार मंडल ने 30 जून को भारत बंद का आह्वान किया है। ऐसे में चार दिन अब कपड़ा मार्केट बंद रहेगा।
एक जुलाई से सरकार जीएसटी लागू कर रही है। जीएसटी में कपड़ों पर पांच प्रतिशत टैक्स रखा गया है जबकि अब तक कपड़ों पर कोई टैक्स नहीं लगता था। इसके अलावा कपड़ों में ही कुछ वैरायटी व कुछ अन्य सामान पर 18 फीसदी तक टैक्स है। कपड़ा व्यापारी पहली बार लगाए जा रहे टैक्स का विरोध कर रहे हैं। एक दिन के लिए मार्केट बंद कर रोष जता चुके है और अब भी उनकी मांग नहीं माने जाने के विरोध 27 से 29 जून तक कपड़ा मार्केट बंद करने का निर्णय लिया है। व्यापार मंडल के संरक्षक व कपड़ा व्यापारी गिगराज जैन ने बताया कि उन पर टैक्स थोपा जा रहा है। हड़ताल के बाद भी उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। जीएसटी के विरोध में उद्योग व्यापार मंडल 30 जून को भारत बंद करने जा रहा है। इसी के तहत भिवानी में भी सभी व्यापारियों, दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद करने का आह्वान किया गया है। व्यापार मंडल के भिवानी जिलाध्यक्ष भानुप्रकाश ने बताया कि 30 को भारत बंद में जिले के व्यापारी, दुकानदार भी भाग लेंगे।
जीएसटी का सरकार का फैसला गलत है। इसमें बदलाव की जरूरत है। कपड़ों पर पहले टैक्स नहीं लगा। कपड़ा हर किसी की जरूरत है और हम सरकार के इस फैसले का विरोध करते है।
किशन लाल पहाड़ी, प्रधान
फोटो 14
-------
जीएसटी से कपड़े महंगे हो जाएंगे। दुकानदारों की सिरदर्दी बढ़ जाएगी। अब तक दुकानदार सिर्फ अपनी दुकानदारी पर ध्यान देते थे मगर जीएसटी के बाद आधे से ज्यादा समय तो इसी टेंशन में बीतेगा कि कैसे क्या व्यवस्था करनी है। रिकार्ड पूरा हुआ या नहीं।
मोहनलाल भृंगु, दुकानदार
समस्या टैक्स नहीं बल्कि सिस्टम है। टैक्स तो चाहे पांच की बजाए 10 प्रतिशत ले ले मगर अब तक व्यापारियों, दुकानदारों को जानकारी ही नहीं है। न किसी के पास रजिस्ट्रेशन नंबर है न टैक्स नंबर है और न ही किसी तरह का पिन नंबर है। स्टॉक का क्या रहेगा। इस बारे में किसी को कोई सहीं जानकारी नहीं। इन जटिलताओं का व्यारी विरोध कर रहे है।
प्रवीण, दुकानदार
जीएसटी में छोटे दुकानदारों के बड़ी समस्या है। इसके बाद छोटे दुकानदार चोरी करेंगे और छोटे दुकानदारों के कारण बड़े दुकानदारों को समस्या आएगी। इससे अफसरशाही बढ़ेगी। हिसाब रखने के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर रखना होगा।
संदीप कुमार, दुकानदार
सरकार व्यापारियों को राहत देने की बात कर रही थी मगर आफत दे दी। वित्त मंत्री से मिले मगर कोई सकारात्मक रूख नहीं रहा। जिसके बाद 27 से 29 तक देशभर में कपड़ा दुकानें बंद कर विरोध करने का निर्णय लिया गया। सारी मार्केट बंद रहेगी।
गिगराज जैन, संरक्षक
व्यापार मंडल