रोहतक।लोकसभा चुनाव के दौरान शराब बांटने वाले प्रत्याशी या फिर उसके समर्थकों की खैर नहीं होगी। शराब का वितरण और तस्करी रोकने को एसपी ने आठ पुलिस टीमों का गठन किया है। पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर भी लोगों से सूचना देने की अपील की है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करती नजर आएगी।
मई माह में लोकसभा चुनाव होना है। चुनाव को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने को पिछले कई दिन से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों को अंतिम रुप देने में लगे हुए है। फ्लैग मार्च से लेकर बैठक लेकर मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं। एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने बताया कि चुनाव के दौरान शराब वितरण और तस्करी की शिकायतें बढ़ जाती है। जिसे देखते हुए आठ टीमों का गठन किया गया। एक टीम में एसआई के अलावा, पांच सिपाही, एचसी भी शामिल रहेंगे। सूचना पाते ही टीम मौके पर पहुंचेगी। लोग किसी भी तरह की सूचना पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 100, 01262-247200 और व्हाट्सप नंबर 9996464100 पर दे सकते हैं। पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करती नजर आएगी। उधर, एसपी ने पुलिसकर्मियों की बैठक लेकर कहा कि लापरवाही नहीं बरतनी है। सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को चुनाव के बाद सम्मानित भी किया जाएगा।
सांपला और रोहतक में पकड़ी गई शराब की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने सांपला और रोहतक से करीब 150 पेटी के साथ चार को दबोचा था। पुलिस जांच में जुटी है कि कहीं शराब को चुनाव में बांटने के लिए तो नहीं लाया जा रहा था। हालांकि अभी तक शराब के चुनाव मे ंबांटने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।