अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ में रेलवे लाइन धंसने के कारण तीन ट्रेनें रद्द हो गईं। इसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर यात्रियों का आरोप है कि बहादुरगढ़ में ट्रेन से उन्हें जबरदस्ती उतारा गया। यही नहीं डंडों से भी उनके साथ मारपीट की गई। उधर ट्रेेनों के आए दिन रद्द होने को लेकर दैनिक रेल यात्री संघ ने रेल मंत्रालय को पत्र भेजा है। जानकारी के अनुसार अंडरपास का निर्माण चल रहा है। रविवार सुबह अंडरपास के पास ही रेलवे लाइन का कुछ हिस्सा धंस गया। इस कारण दिल्ली रोहतक रेलवे मार्ग पर चलने वाली 64912, 64911 और 64932 को रेलवे अधिकारियों ने रद्द कर दिया। उधर सुबह के समय जींद जाने वाली ट्रेन में सवार यात्रियों का आरोप है कि जीआरपी ने यात्रियों को बहादुरगढ़ में ट्रेन से जबरदस्ती उतार दिया। यात्रियों से मारपीट भी की गई। यात्रियों ने विरोध में हंगामा किया। किसी तरह यात्रियों को शांत कराया गया। यात्रियों ने विभागीय अधिकारियों से भी मामले की शिकायत करने की बात कही है। उधर ट्रेन के रद्द होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आए दिन रोहतक दिल्ली मार्ग पर चलने वाली ट्रेेन देरी से चल रही हैं। यही नहीं 64913 ट्रेन पिछले दो साल से रद्द चल रही है। जिसके कारण यात्रियों को परेशानी हो रही है। रेल मंत्रालय से शिकायत की गई है।
-सतपाल सिंह, प्रवक्ता, दैनिक रेल यात्री संघ दिल्ली और रोहतक
दो ट्रेनें रद्द रही हैं। बाकी ट्रेन समय पर चली हैं। यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी गई।
-यशपाल मीणा, स्टेशन अधीक्षक रोहतक
बहादुरगढ़ में रेलवे लाइन पर क ार्य चलने के कारण ट्रेनें रद्द रहीं। यात्रियों के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में नहीं है।
-बीएस मीणा, स्टेशन अधीक्षक बहादुरगढ़
यात्रियों के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में नहीं है। मैं बाहर हूं। जानकारी कर मामले के बारे में बताया जाएगा।
-जयपाल सिंह, एसएचओ , जीआरपी बहादुरगढ़
जींद जाने वाली ट्रेन में महिलाओं के डिब्बे में यात्रा करने वालों को पुलिस ने जरूर बाहर निकाला था। मारपीट का आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद है -राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल, थाना जीआरपी, बहादुरगढ़