बोर्ड परीक्षाओं का मूल्यांकन 20 से, ड्यूटी के मिलेंगे 100 रुपये रोज
- बोर्ड चेयरमैन के आश्वासन पर स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन हरियाणा ने रद किया उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन का बहिष्कार
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन सोमवार को शुरू नहीं हो सकी। स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन हरियाणा के मूल्यांकन का बहिष्कार के चलते उत्तर पुस्किाएं नहीं जांची। एसोसिएशन की भिवानी में बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह से मुलाकात के बाद मूल्यांकन का बहिष्कार वापस ले लिया गया। इसके चलते अब 20 मार्च से मूल्यांकन शुरू हागा। चेयरमैन ने मूल्यांकन ड्यूटी के लिए हर रोज सौ दिए जाने का भी आश्वासन दिया है। अब तक यह राशि 40 रुपये थे। इसे सीबीएसई की तर्ज पर बढ़ाया गया है।
सोमवार को स्कूल लेक्चरर्स ने अपने पूर्व घोषित बहिष्कार के चलते उत्तर पुस्तिकाएं नहीं जांची। उनके विरोध के चलते परीक्षा परिणाम में देरी का अंदेशा भांपते हुए बोर्ड चेयरमैन ने एसोसिएशन से बात की। एसोसिएशन व चेयरमैन के बीच हुई बातचीत के दौरान मूल्यांकन ड्यूटी के लिए 40 रुपये के बजाय सौ रुपये रोजाना दिए जाने प सहमति बनी। इसके चलते दोनों पक्षों में समझौते पर मूल्यांकन बहिष्कार समाप्त हो गया। सलाह के प्रदेशाध्यक्ष, राजकुमार शर्मा व हसला के महासचिव डॉ. कृष्ण कुमार एवं अन्य प्रतिनिधियों के साथ बैठक में मूल्यांकन करने पर सहमति बनी। चेयरमैन ने 12वीं कक्षा की प्रति उत्तर पुस्तिका जांच के लिए 14 रुपये से बढ़ाने का भी आश्वासन दिया है। यह राशि 14 से बढ़कर 20 रुपये किए जाने की संभावना है। सीबीएसई बोर्ड में यह राशि 30 रुपये है। इसके चलते सभी ने मूल्यांकन करने को तैयार हुए। अब 20 मार्च से कक्षा 12वीं का अंग्रेजी व 10वीं का हिंदी विषय का पेपर जांचा जाएगा।
वर्जन :
शिक्षकों से बातचीत के बाद मूल्यांकन को लेकर उभरा विवाद समाप्त हो गया है। विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर बोर्ड चिंतित है। विवाद से परीक्षा परिणाम प्रभावित हो सकता था। अब 20 मार्च से अंग्रेजी व हिंदी विषयों के पेपर जांचने से मूल्यांकन शुरू होगा। इसके लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। प्रदेश में सेकेंडरी कक्षा के लिए 62 व सीनियर सेकेंडरी के लिए 31 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। मूल्यांकन केंद्र का समय सुबह 9:00 से शाम 5:00 बजे तक रहेगा। अध्यापकों का काम जल्दी समाप्त होने पर वे 3:30 बजे तक केंद्र छोड़ सकते हैं। मूल्यांकन के लिए ड्यूटी वरिष्ठतानुसार लगाई गई है।
डॉ. जगबीर सिंह, अध्यक्ष, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी।
वर्जन :
एडहॉक अध्यापक रहेंगे उपपरीक्षक
चेयरमैन से हुई बातचीत में एसोसिएशन की कुछ मांगों पर सहमति बनी है। मूल्यांकन के दौरान एडहॉक अध्यापकों की ड्यूटी उप-परीक्षक के रूप में रहेगी। चेयरमैन ने मूल्यांकन ड्यूटी के लिए रोज दिए जाने वाला शुल्क 40 से बढ़ाकर सौ रुपये किए जाने का आश्वासन दिया है। इसके लिए मंगलवार से मूल्यांकन शुरू किया जाएगा। चेयरमैन ने प्रति उत्तर पुस्तिका जांच का शुल्क भी 14 रुपये से बढ़ाने का आश्वासन दिया है।
सुनील नेहरा, संरक्षक, स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन हरियाणा।
अधिकारी अपने कमरे से रख सकेंगे 93 मूल्यांकन केंद्रों पर नजर
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक, रि-अपीयर व मुक्त विद्यालय) की उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन के लिए बोर्ड मुख्यालय, भिवानी में हाईटैक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने इसका शुभारंभ किया। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह एवं बोर्ड के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस कंट्रोल रूम से प्रदेश के 93 मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण लाइव किया जा सकेगा। मूल्यांकन कार्य पारदर्शी, निष्पक्ष व सही रूप से निष्पादित हो सकेगा। बोर्ड ने छात्र-हित में यह निर्णय लिया है।