बोर्ड परीक्षा में पकड़े 10 नकलची, बनाई यूएमसी
दसवीं कक्षा का गणित व बारहवीं के होम साइंस, पॉलिटिकल साइंस, मिलिट्री साइंस, एग्रीकल्चर व डांस विषयों की परीक्षा में भी हुई नकल
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में सोमवार को 10 नकलची पकड़े गए। विभाग के 20 उड़न दस्तों ने 102 जगह छापेमारी की। इस दौरान महम इलाके में बाहरी हस्तक्षेप नजर आया। इसके लिए केंद्र अधीक्षक को और सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को दसवीं कक्षा का गणित विषय का पेपर हुआ। बारहवीं कक्षा का होम साइंस, पॉलिटिकल साइंस, मिलिट्री साइंस, एग्रीकल्चर व डांस विषयों का पेपर हुआ। इन पेपरों में भी जमकर नकल चली। परीक्षा केंद्रों के बाहर नकल कराने वालों की भीड़ बनी रही। नकल पर अंकुश लगाने का दावा करने वाले विभाग के उड़न दस्ते तीन घंटे परीक्षा केंद्रों के दौरे पर रहे। इस दौरान महज 10 नकलची ही पकड़ में आए।
शिक्षा विभाग ने नकल के बजाय मीडिया से बनाई दूरी
परीक्षा केंद्रों में नकल रोकने के बजाय शिक्षा विभाग ने मीडिया से दूरी बना ली है। मीडिया कर्मियों के परीक्षा केंद्रों में फोटो लेने पर पाबंदी लगा दी है। ये निर्देश किसने व किस नियम के तहत जारी किए, यह कोई नहीं जानता। फिलहाल परीक्षा केंद्रों में नकल करते परीक्षार्थियों की फोटो सामने नहीं आएगी। जबकि बाहर से नकल धड़ल्ले से केंद्र में पहुंचाई जा रही है।
सीसीटीवी से प्राचार्य खुद रख रहे नजर
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुराना बस स्टैंड में नकल पर पूरी तरह अंकुश का दावा किया गया है। यहां नकल रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है। किसी भी बाहरी व्यक्ति के परीक्षा केंद्र में प्रवेश पर प्रतिबंध है। प्राचार्य सुरेंद्र हुड्डा ने बताया कि स्कूल में परीक्षा के दौरान किसी तरह का व्यवधान उत्पन्न नहीं होने दिया जा रहा है। बाहर से केंद्र के दाखिल होने वालों पर खुद सीसीटीवी कैमरों से नजर रख रहे हैं।
नकल केसों का ब्यौरा
उड़न दस्ता केंद्र केस
चेयरमैन 08 04
एडीसी 10 01
सचिव 05 02
बीईओ रोहतक 04 02
कंट्रोल रूम 04 01