अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
कैंट के एक निजी स्कूल में सोमवार को झगड़े के बाद नौवीं के छात्र ने दसवीं के छात्र को चाकू घोंप दिया। आनन-फानन में घायल छात्र को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, उसके बाद सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चाकू निकाला गया। फिलहाल घायल छात्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चाकू मारने वाले छात्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उसे मंगलवार को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा।
अस्पताल में दाखिल घायल छात्र युवराज ने बताया कि वह सुबह प्रार्थना सभा में गया था। इसके बाद ‘जीरो पीरियड’ चल रहा था तब नौवीं के छात्र ने पहले झगड़ा किया फिर उसकी कमर में चाकू घोंप दिया। छात्र का कहना है कि आरोपी छात्र का अन्य युवकों से झगड़ा था, मगर वह उससे रंजिश रखने लगा था। दो दिन पहले उसे धमकी भी दी थी, लेकिन उसने किसी को बताया नहीं। जांच के दौरान पता चला है कि घायल छात्र ने उस समय स्कूल बेल्ट पहन रखी थी, जिससे उसका बचाव हो गया।
दोनों छात्रों का स्कूल में ‘रिकॉर्ड खराब’
एसडी विद्या स्कूल की प्रिंसिपल नीलइंद्रजीत कौर संधू ने बताया कि दोनों विद्यार्थियों का स्कूल में इस समय रिकार्ड सही नहीं है। दोनों छात्रों की बीते एक साल से स्कूल में काउंसलिंग की जा रही है और वह पहले भी झगड़ों में शामिल रह चुके हैं। दोनों विद्यार्थियों के माता-पिता को कई बार स्कूल भी बुलाया जा चुका है।
प्रिंसिपल ने बताया कि स्कूल में विद्यार्थियों के बैग की रैंडम चेकिंग होती है। छात्र को यह बात पता थी जिस वजह से उसने बैग में चाकू नहीं रखा। उन्होंने बताया कि दोनों छात्रों के अलग-अलग गुट है और गुट में अन्य छात्र भी है जिन्हें चिंहित किया जा रहा है। प्रिंसिपल ने यह भी बताया कि छात्रों ने झगड़ा उस स्थान पर किया जहां पर सीसीटीवी कैमरा नहीं था।
मामले में छात्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मंगलवार को जुवेनाइल कोर्ट में छात्र को पेश किया जाएगा। घटना के बाद घायल छात्र के बयान लिए गए हैं। -विजय, एसएचओ, थाना कैंट, अंबाला।