सफाई नहीं होने से गंदगी से अटे नाले, लोग परेशान
चरखी दादरी।
शहर में कई जगह सफाई न होने से नाले गंदगी से अटे है और लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हैं। सीवरेज ओवरफ्लो होने से नालों का पानी सड़क और गलियाें में फैल रहा है। इस संबंध में जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष है। वहीं दो सप्ताह पहले हुई हल्की बारिश ने नगर परिषद के पानी निकासी के दावों की पोल खोल दी थी। विभाग की ओर से नालों की मरम्मत का कार्य अभी तक पूरा नहीं करवाया गया है। वहीं कई नाले स्लैब न होने के कारण वाहन चालकों के लिए हादसों का सबब बने हैं।
जानकारी के अनुसार शहर की ढाणी फाटक रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बने दोनों तरफ के दूषित पानी के नाले लंबे समय से मरम्मत नहीं होने से कंडम हो चुके हैं। कुछ नालों पर लगी स्लैब भी टूटी हुई हैं। सड़क तंग होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। गंदगी से अटे होने के कारण इन नालों से दूषित पानी की निकासी भी नहीं हो पा रही है। इससे ओवरफ्लो की समस्या बन रही हैं। नालों से आने वाली दुर्गंध के कारण स्कूल- कॉलेज जाने वाले बच्चों का यहां गुजरना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा बारिश के दौरान नाला ओवरफ्लो होने से इसका गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है जिसके कारण लोगों को दूसरे रास्ते से जाना पड़ता है।
1. पिछले काफी समय से ढाणी ओवरब्रिज के नीचे नाले अटे पड़े हैं। नालों से आने वाली दुर्गंध से दुकान में बैठना भी मुश्किल हो गया है। सारा दिन दुर्गंध बनी रहती है। नगर परिषद कर्मचारियों से सफाई के लिए कई बार अवगत करा चुके हैं लेकिन समाधान कोई नहीं हो पा रहा है।
जयकिशन, दुकानदार
..नालों की स्लैब टूटी हुई है। कई भागों में तो नालों के ऊपर स्लैब ही नहीं है। सड़क तंग होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। रात के समय अंधेरे में वाहन धंस जाता है। नियमित रूप से नालों की सफाई नहीं हो रही है। न ही इनकी मरम्मत की जा रही है। नालों के किनारे टूटे पड़े हैं।
पवन, दुकानदार
..पिछले काफी समय से नालों की मरम्मत तक नहीं हुई है। नालों के ऊपर रखी अधिकतर स्लैब कंडम हो चुकी हैं। नालों में कूड़ा-कचरा का जमाव होने के कारण दूषित पानी की निकासी बंद पड़ी है। छात्र-छात्राओं को भी सड़क से गुजरते समय काफी परेशानी होती है।
राजेश, दुकानदार
= नगर परिषद कर्मचारी नियमित रूप से नालों की सफाई नहीं करते। नालों की सफाई करके कर्मचारी सारी गाद सड़क किनारे छोड़ देते हैं जिसके बाद गाद एवं कीचड़ का समय पर उठान न होने पर और भी ज्यादा परेशानी बढ़ जाती है। नगर परिषद को नियमित रूप से नालों की सफाई करनी चाहिए तथा बरसात सीजन में मरम्मत भी करनी चाहिए।
कर्ण सिंह, दुकानदार
वर्जन::
हम समय-समय पर नालों की सफाई करवा रहे हैं। अगर फिर भी कहीं समस्या बनी है तो तुरंत प्रभाव से इसका समाधान करवा दिया जाएगा।
संजय यादव, सचिव, नगर परिषद