बाबा को भी मिले माफी : राजकुमार सैनी
भिवानी
भाजपा के फायर ब्रांड सांसद राजकुमार सैनी ने शुक्रवार को अपनी ही सरकार से एक असहज कर देने वाला सवाल पूछा। बोले, हरियाणा में आतंक फैलाने वालों के केस वापस हो सकते हैं। उन्हें सरकारी नौकरी दी जा सकती है तो फिर बाबा को भी माफी दी जानी चाहिए। वे शुक्रवार को चौधरी बंसीलाल पार्क पर निर्माणाधीन धर्मशाला में कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि एक विशेष वर्ग ने पूरे हरियाणा में हंगामा मचा दिया था और हरियाणा को आग के हवाले कर दिया था। सरकार भी उनके पक्ष में बोलने लगी और उन्हें मुआवजे देने लगी। यहां तक नौकरियां भी सरकार उन लोगों को देने में लगी हुई है। सरकार को चाहिए कि जब उन लोगों के मुकदमे वापस हो सकते हैं तो बाबा का मुकदमा भी वापस ले।
सैनी ने डेरा सच्चा सौदा प्रकरण को निपटने के तरीके पर सरकार की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस दिशा में सही तरीके से काम किया और बाबा को बाहर निकालने के लिए समझदारी से काम लिया। भाजपा सांसद ने इस बात पर अफसोस जताया कि देश का सिस्टम हाईजैक कर लिया है और लोकतंत्र कुछ लोगों की कटपुतली बनकर रह गया। उन्होंने यशपाल मलिक पर जांति-पांति के नाम पर जहर घोलने का भी आरोप लगाया।
बाक्स
राजकुमार सैनी ने स्पोर्ट्स एकेडमी का किया उद्घाटन
भिवानी। गांव सांगा में शुक्रवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कुरुक्षेत्र के सांसद राजकुमार सैनी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने अमरजीत पहलवान स्पोर्ट्स एकेडमी का उद्घाटन किया। इससे पहले लोकतंत्र सुरक्षामंच के कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने लोगों को 26 नवंबर को जींद में होने वाली रैली का न्यौता दिया और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कार्यक्रम के आयोजक अमरजीत पहलवान व संजय ठेकेदार ने सांसद राज कुमार सैनी का स्वागत किया। कार्यक्रम अंत में अच्छा प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को सम्मानित भी किया गया।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को इस एकेडमी से काफी फायदा होगा। आज खिलाड़ियों ने विश्व स्तर पर भिवानी का परचम लहराया है और आगे भी वे अच्छा प्रदर्शन करेंगे। सांसद कहा कि पक्ष व विपक्ष आज जनता के बारे में कोई नहीं सोच रहा है। राजनेता जनता के वोट का प्रयोग करके अपना मतलब सिद्ध कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता उनका साथ दे तो वे राजनीति के मायनों के साथ साथ प्रदेश में पनप रही विकट स्थितियों को बदल देंगे। सांसद ने कहा कि आज किसानों के नाम पर वोट लेने का काम कुछ लोग कर रहे है, लेकिन वे किसानों के सच्चे हमदर्द नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर किसानों के लिए सच्ची हमदर्दी है तो किसानों व मजदूरों को इकट्ठा जोड़कर उनके लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि वे 26 नवंबर को आयोजित होने वाली जींद की रैली से लोगों की राय लेंगे अगर जनता चाहेगी कि वे पार्टी बनाए तो वे नई पार्टी बनाकर चुनाव लड़ेंगे। कार्यक्रम में लोकतंत्र सुरक्षा मंच की महिला प्रदेशाध्यक्ष अमन तंवर राघव ने अपने विचार रखे। इन मौकों पर जयसिंह हालवासिया, रेखा राघव, राजेंद्र तंवर, दीपा तंवर, सुरेश सैनी आदि मौजूद रहे।