डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले में पिछले 24 घंटे में 16 नए केस मिलने से स्वास्थ्य संबंधी चिंता बढ़ गई है। इसके साथ ही जिले में अब तक मिले डेंगू केसों का आंकड़ा 138 पहुंच गया है। इसके अलावा 42 घरों में मच्छर का लार्वा भी मिला है।
बुधवार को जिले में डेंगू के 16 नए केसों की पुष्टि की गई। विभाग को सैनीपुरा में 3, शीला बाईपास से 2, गिरावड़ में 2, काहनौर, कच्चा बेरी रोड, तेज कॉलोनी, डोभ, बालंद, गढ़ी सांपला, इस्माईला व बहलबा में एक-एक केस मिला है। इन केसों ने विभाग की चिंता बढ़ाने का काम किया है। अब इन इलाकों में विशेष फॉगिंग कराई जाएगी।
इधर, विभाग ने स्पेशल माइक्रो प्लान के तहत बुधवार को विभिन्न इलाकों में एंटी लार्वा एक्टिविटी चलाई गई। इसके तहत झज्जर रोड, बाबरा मोहल्ला, सलारा मोहल्ला, संजय कॉलोनी, राजीव नगर, सेक्टर 3, सेक्टर 14, कमला नगर, आनंदपुरा, आर्य नगर व जनता कॉलोनी के 42 घरों में लार्वा मिला। इन लोगों को नोटिस के साथ दोबारा लार्वा मिलने पर चालान की चेतावनी भी दी गई है।
उप सिविल सर्जन डॉ. अनुपमा मित्तल ने कहा कि जिले में एंटी लार्वा एक्टिविटी जारी है। इसके तहत लोगों को मच्छर जनित रोगों से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। सिविल सर्जन के आदेशानुसार नोडल अधिकारी डॉ. कपिल गुप्ता ने सुपरवाइजर बसंत कुमार, धर्मबीर, नरेंद्र, अनिल के साथ शहर में डेंगू केसों को जांचा। मरीज के परिवार से संपर्क कर अन्य सदस्य या आसपास बुखार के मरीजों की जानकारी जुटाई। लार्वा मिलने पर लोगों को नोटिस जारी किया जा रहा है। जिले में अब तक 4813 लोगों को नोटिस जारी किया जा चुका है। पिछले वर्ष यह आंकड़ा 3831 था।