रोहतक। पीजीआईएमएस के रेजिडेंट डॉक्टर ओंकार की आत्महत्या के मामले की जांच के लिए एसपी ने एडिशनल एसपी डॉ. अंशु सिंगला के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर दी है। डॉ. अंशु ने दोनों तरफ से दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है। एसआईटी डॉ. ओंकार के साथी डॉक्टरों से भी पूछताछ करेगी।
डॉ. ओंकार ने तीन दिन पूर्व तनाव में आकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों की शिकायत पर एचओडी डॉ. गीता गठवाला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा 306 में केस दर्ज किया गया था। आरोप था कि डॉ. गठवाला आए दिन डॉक्टर को नाजायज तरीके से तंग करती थीं। उसका मानसिक शोषण भी किया जा रहा था। यह भी आरोप लगा था कि खुद को बचाने के चक्कर में डॉ. ओंकार पर बीते साल बच्ची के उपचार में लापरवाही बरतने का केस दर्ज कराया गया था। एसपी जश्नदीप रंधावा ने बताया कि डॉ. ओंकार के आत्महत्या मामले और डॉ. गठवाला के घर तोड़फोड़ और मारपीट मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।