रोहतक। गुवाहाटी में दूसरी इंडिया ओपन इंटरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट का शुक्रवार को समापन हो गया है। इस टूर्नामेंट में रोहतक के बॉक्सरों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर जमकर पंच बरसाए। प्रतियोगिता में रोहतक के दो पुरुष व सात महिला खिलाड़ी टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। प्रतियोगिता में जिले के छह खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण पदक सहित छह पदक अपने नाम किए।
गोल्ड : अमित ने जीता साल का तीसरा अंतरराष्ट्रीय गोल्ड
प्रतियोगिता में 52 किलो भारवर्ग में इंडिया ए का प्रतिनिधित्व करने वाले बॉक्सर अमित पंघाल ने गुवाहाटी में चल रहे टूर्नामेंट के फाइनल में इंडिया के ही सचिन को 4-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। याद रहे कि इस वर्ष में अमित ने तीन अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया है, जिनमें तीनों में ही गोल्ड मेडल हासिल किया है। अमित ने पहला गोल्ड स्ट्रैंजा कप में, दूसरा गोल्ड एशियन चैंपियनशिप में व तीसरा गोल्ड दूसरे इंडिया ओपन इंटरनेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट में हासिल किया है।
रजत : फिलिपिंस की बॉक्सर से हारकर मोनिका ने जीता रजत
टूर्नामेंट में 48 किलो भारवर्ग में मोनिका ने रजत पदक हासिल किया है। मोनिका को फाइनल मुकाबले में फिलिपिंस की बॉक्सर के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। मोनिका जिले के रुड़की गांव की बॉक्सर है जो कि रोहतक के राजीव गांधी खेल परिसर स्थित नेशनल बॉक्सिंग एकेडमी में अभ्यास करती है।
फाइनल में भाग्यवंती से हारी पूजा, रजत से किया संतोष
टूर्नामेंट में 75 किलो भारवर्ग में भिवानी जिले की पूजा ने रजत पदक हासिल किया है। पूजा ने सेमीफाइनल मुकाबले में स्वीटी बूरा को 4-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं गोल्ड के लिए हुए मुकाबले में पूजा को भाग्यवंती के हाथों 3-2 से हार का सामना करना पड़ा। पूजा शहर के राजीव गांधी खेल परिसर स्थित नेशनल बॉक्सिंग एकेेडमी की स्टूडेंट है।
कांस्य : वर्ल्ड चैंपियनशिप की पदक विजेता सोनिया को मिला कांस्य पदक
टूर्नामेंट में 57 किलो भारवर्ग में खेलने वाली सोनिया चहल ने कांस्य पदक हासिल किया है। भिवानी की रहने वाली सोनिया ने प्रतियोगिता में नीरज से हारकर कांस्य पदक हासिल किया है। सोनिया ने वर्ष 2018 में हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में देश के लिए रजत पदक हासिल किया था, परंतु इस प्रतियोगिता में उन्हें कांस्य से ही संतोष करना पड़ा है। सोनिया रोहतक के राजीव गांधी खेल परिसर स्थित नेशनल बॉक्सिंग एकेडमी की स्टूडेंट है।
सिमरनजीत कौर से हारकर प्रवीण ने जीता कांस्य
टूर्नामेंट में 60 किलो भारवर्ग में जिले की महिला बॉक्सर प्रवीण ने कांस्य पदक हासिल किया है। प्रवीण को सेमीफाइनल मुकाबले में सिमरनजीत कौर से हारकर कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। प्रवीण को इस मुकाबले में 4-1 के अंतर से मात मिली है। वे शहर के आजादगढ़ स्थित दीनबंधु सर छोटूराम एकेडमी में अभ्यास करती है।
नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट संजीत कांस्य तक पहुंच सके
जिले के बॉक्सर संजीत ने वर्ष 2018 में हुए नेशनल चैंपियनशिप मेें 91 किलो भारवर्ग में खेलते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया था। वे इस प्रतियोगिता में इंडिया सी में खेल रहे थे, सेमीफाइनल में उन्हें 5-0 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे उन्हें केवल कांस्य पदक ही हासिल हुआ। वहीं, प्रतियोगिता में 57 किलो भारवर्ग में साक्षी चौधरी, 48 किलो भारवर्ग में नीतू, व 51 किलो भारवर्ग में अनामिका को पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।