अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। बुल्गारिया के सोफिया में चल रहे 70वें स्ट्रांजा मेमोरियल मुक्केबाजी टूर्नामेंट में एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी अमित पंघाल ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के साथ ही अमित ने अपना पदक पक्का कर लिया है। वहीं, अमित के परिवार के सदस्यों व कोच को गोल्ड से कम कुछ चाहिए ही नहीं। अमित ने क्वार्टर फाइनल दौर के एकतरफा मुकाबले में यूक्रेन के बॉक्सर नजर कुरोतचिन को 5-0 से मात दी। अब अमित आगामी 18 फरवरी को अजरबैजान के बॉक्सर के साथ अपना सेमीफाइनल मुकाबला खेलेंगे।
अमित पंघाल के कोच अनिल धनखड़ ने बताया कि 13 फरवरी से 20 फरवरी तक बुल्गारिया के सोफिया में 70वां स्ट्रांजा मेमोरियल मुक्केबाजी टूर्नामेंट खेला जा रहा है। इस टूर्नामेंट में पुुरुष वर्ग के 49 किलो भारवर्ग में देश का प्रतिनिधित्व अमित पंघाल कर रहे हैं। अमित ने रविवार को खेले गए टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में यूक्रेन के बॉक्सर नजर कुरोतचिन को मात दी है। उन्होंने बताया कि अमित ने इस मुकाबले में विरोधी बॉक्सर को बड़ी ही आसानी से हरा दिया है। इसके साथ ही अमित ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने बताया कि अमित इस टूर्नामेंट के अपने भारवर्ग में गोल्ड का प्रबल दावेदार है। पिछले वर्ष भी अमित ने टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीता था।
सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को मिलता है कांस्य पदक
पिछले वर्ष के स्ट्रांजा मेमोरियल के चैंपियन और एशियन गेम्स में गोल्ड मेडलिस्ट बॉक्सर अमित पंघाल का इस टूर्नामेंट में पदक पक्का हो गया है। हालांकि इस पदक का रंग आगे के मैचों में उनके प्रदर्शन पर निर्भर करता है। टूर्नामेंट में मैच खेलने से पहले ही बाई हासिल कर चुके अमित ने क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली है। इस प्रतियोगिता में सेमीफाइनल मुकाबलों में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को कांस्य पदक दिया जाता है।