हेडिंग : 11 इलाकों की बिजली समस्या एक माह में खत्म करने का दावा
चिह्नित 11 कॉलोनियों व मोहल्लों को दो-तीन हिस्से में बांटकर की जाएगी बिजली सप्लाई, नये ट्रांसफार्मर भी लगेंगे
-पहले चरण में 200 एम्पियर से अधिक लोड उठाने वाली कॉलोनियां चिह्नित
-पायलेट प्रोजेक्ट बनाकर स्वीकृति के लिए चंडीगढ़ उच्चाधिकारियों को भेजा
नीरज वर्मा
रोहतक। ओवरलोडिंग से बिजली फॉल्ट की समस्या से जूझने वाले 11 इलाकों की 30 हजार आबादी को एक माह में बिजली की समस्या से निजात मिलने का दावा किया गया है। इन कॉलोनियों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगेंगे। साथ ही दो-तीन हिस्से में बांटकर बिजली सप्लाई की जाएगी। चंडीगढ़ भेजे गए पायलट प्रोजेक्ट को जल्द ही उच्चाधिकारियों से क्लीन चिट मिल जाएगी।
पिछले दिनों बिजली निगम के सीएमडी शत्रुजीत कपूर रोहतक की बिजली सप्लाई की समीक्षा करने आए थे। इस दौरान पता चला कि बिजली आपूर्ति में सबसे बड़ी दिक्कत ओवरलोडिंग अथवा अन्य वजह से होने वाले फॉल्ट हैं। इस पर सीएमडी ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि ठोस कार्ययोजना बनाई जाए, इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। निगम अधिकारियों ने टीम गठित कर निर्देश दिए कि 200 एम्पियर से अधिक लोड वाले इलाकों व कॉलोनियों को चिह्नित किया जाए। मानना है कि इन इलाकों में सबसे ज्यादा फॉल्ट हो रहे हैं।
टीम ने इलाकों को किया चिह्नित
निगम की टीम ने सब डिवीजन के हिसाब से ओवरलोडिंग वाले इलाकों को चिह्नित कर लिया। सब डिवीजन एक में सेक्टर एक, मॉडल टाउन, गांधी नगर व देहली रोड, सब डिवीजन दो में काठ मंडी, जनता कॉलोनी, हरी सिंह कॉलोनी व सेक्टर तीन में आईडीसी-1,राजेंद्र कॉलोनी, आईडीसी-चार, शास्त्री नगर को चिह्नित किया गया।
दो-तीन हिस्से में अलग-अलग केबिलें बिछेंगी
इन कालोनियों में न सिर्फ अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगेंगे बल्कि दो-तीन हिस्से में अलग-अलग केबिलें बिछाकर बिजली सप्लाई की जाएगी। इसके बाद निगम अधिकारियों ने पूरा प्रोजेक्ट बनाकर उच्चाधिकारियों के पास भेज दिया।
--------------
पहले चरण में सबसे ज्यादा ओवरलोडिंग की समस्या से जूझ रही कॉलोनियों व मोहल्लों को दो-तीन हिस्से में बांटकर बिजली सप्लाई की जाएगी। इसके बाद अन्य इलाकों में भी इस प्रोजेक्ट को लागू किया जाएगा।
-एसके बंसल, एसई