जून के पहले सप्ताह से दिए जाएंगे यूजर चार्ज के बिल
- अप्रैल से लगाया गया है यूजर चार्ज, प्रॉपर्टी टैक्स के साथ यूजर चार्ज का भुगतान अप्रैल से ही करना होगा
- नगर निगम की ओर से तय की गईं स्लैब के हिसाब से बीपीएल कार्ड धारक को भी देना होगा यूजर चार्ज
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
प्रॉपर्टी टैक्स के साथ यूजर चार्ज का बिल भी अब जून के प्रथम सप्ताह से लोगों के पास पहुंचना शुरू हो जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने मकानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, नर्सिंगहोम, मैरिज होम्स, क्लब, मॉल, सरकारी व अर्द्ध सरकारी कार्यालय पर साफ-सफाई खर्च (यूजर चार्ज) का बोझ बढ़ा दिया है। भले ही बोझ मई में बढ़ाया है मगर वसूली अप्रैल से होगी। जून से पहुंचने वाले प्रॉपर्टी टैक्स बिल में इसको शामिल किया गया है।
नगर निगम शहर के 1.44 लाख आवासों, व्यवसायिक व सरकारी भवनों से प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली करता है। निगम अधिकारी बताते हैं कि दिन पर दिन बढ़ते जा रहे आर्थिक बोझ के चलते 2011 में प्रदेश सरकार ने नोटिफिकेशन करते हुए साफ-सफाई के एवज में लोगों से यूजर चार्ज की वसूली करने के दिशा-निर्देश दिए। शासन के निर्देश पर इस प्रस्ताव को निगम हाउस में लाया गया, जहां जनप्रतिनिधियों ने चर्चा के बाद यूजर चार्जेज के प्रस्ताव पर अपनी मोहर लगा दी। इसके बाद निगम अधिकारियों ने वसूली की योजना पर मंथन किया।
बताते हैं कि पिछले सप्ताह उच्चाधिकारियों ने अप्रैल माह से यूजर चार्ज वसूल करने के आदेश दिए जिसके आधार पर निगम कर्मियों ने प्रॉपर्टी टैक्स के बिल बनाना शुरू कर दिया है। निगम सूत्र बताते हैं कि काफी तेजी से यूजर चार्ज शामिल करके प्रापर्टी टैक्स के बिल बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। जून के प्रथम सप्ताह से लोगों को यह बिल मिलना शुरू हो जाएंगे। यूजर चार्ज वसूली की खास बात यह है कि इसकी वसूली एकसाथ एक साल की होगी, वह भी एडवांस के रूप में है। जो समय से बिल अदा नहीं करेगा, उससे ब्याज की भी वसूली की जाएगी।
जोनल टैक्सेशन आफिसर जगदीश का कहना है कि शासन के आदेश पर यूजर चार्ज का प्रस्ताव हाउस में लाया गया था, जो मंजूर हो गया था। अब उच्चाधिकारियों के आदेश पर इसे लागू कर दिया गया है। प्रॉपर्टी टैक्स के बिल में ही इसको शामिल किया गया है। यह बिल जून के प्रथम सप्ताह से लोगों के पास पहुंचने लगेंगे। यह चार्ज अप्रैल से वसूल किया जाएगा।
किससे कितना वसूला जाएगा यूजर चार्ज :-
नाम चार्ज (रुपये)
बीपीएल, स्लम बस्ती व ईडब्ल्यूएस निवासी से 60
100 वर्ग मी. के आवास में रहने वालों से 240
100-200 वर्ग मी. के आवास में रहने वालों से 480
2000 वर्ग मी. में बने फ्लैट रहने वालों से 600
2000 वर्ग मी. से ज्यादा में बने फ्लैट पर 1200
200 वर्ग मी. में बनी दुकान व आफिस पर 300
200 वर्ग मी. से ज्यादा में बनी दुकान व आफिस पर 1200
50 बेड के नर्सिंगहोम से 18000
50-100 बेड के नर्सिंगहोम से 36000
100 बेड के ज्यादा के नर्सिंगहोम से 60000
कांपलेक्स, फैक्ट्री, मील आदि से .50 पैसा प्रति वर्ग मीटर
बैंक, गेस्ट हाउस, होटल आदि (10 कमरे तक) 6000
10 कमरे से ज्यादा होने पर 48000
क्लबों से (500 मेंबर वाले से) 6000
500 से ज्यादा मेंबर वाले क्लब से 12000
पेट्रोल पंप, गैस स्टेशन आदि से 12000