तूफान ने गिराए 43 पोल और दो ट्रांसफार्मर, साढ़े 21 घंटे बिजली गुल
- अस्थल बोहर फीडर पर तकनीकी खराबी के चलते रात साढ़े नौ बजे सुचारु हुई बिजली सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक
तूफान ने मंगलवार रात रोहतक में कहर बरपाया। बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर गिरने के कारण बिजली सप्लाई बुरी तरह चरमरा गई। इसका असर दैनिक जीवन पर भी पड़ा। कहीं पेयजल किल्लत गहराई तो कहीं लोगों के मोबाइल बंद हो गए। जिले में दो से 22 घंटे तक बिजली गुल रही। निगम कर्मचारी व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए दिन भर व्यस्त रहे। तूफान ने बिजली निगम को पांच लाख रुपये से ज्यादा का फटका लगाया है।
तूफान ने निगम के 43 पोल गिरा दिए। इनमें 35 पोल एलटी (लो टेंशन) लाइन नौ मीटर के व 32 केवी 11 मीटर के 8 पोल शामिल हैं। इसके अलावा तीन ट्रांसफार्मर भी गिर गए। तेज हवाओं के चलते अनेक जगहों पर बिजली की तार भी टूट गए। इस कारण जिले की बिजली सप्लाई चरमरा गई। देर रात लगभग पूरा जिला दो से चार घंटे अंधेरे में रहा। इसके बाद बिजली ऑन होने लगी। कुछ इलाकों में बिजली छह से 22 घंटे बाद आई। तूफान से पहले रात करीब 11 बजे गुल हुई बाबा मस्तनाथ नगर की बिजली बुधवार रात साढ़े नौ बजे आयी। अस्थल बोहर फीडर में आई तकनीकी खराबी दूर करने के लिए कर्मचारी दिन भर जुटे रहे। यहां रात आठ बजे तक भी मरम्मत कार्य पूरा नहीं हुआ था। इस कारण अस्थल बोहर फीडर से जुड़ा पूरा इलाका अंधेरे में रहा। इलाके में घंटों बिजली गुल होने की शिकायत मिलने पर निगम के एसई ने संबंधित फीडर के कर्मचारियों को व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इनवर्टर भी दे गए जवाब
बिजली सप्लाई चरमराने से गर्मी में लोगों का हाल बेहाल रहा। बाबा मस्तनाथ नगर, सेक्टर, ओमेक्स सिटी व अन्य जगहों पर रात आठ बजे बाद भी बिजली नहीं आने की वजह से इनवर्टर भी जवाब दे गए। इस कारण लोगों को अंधेरे के साथ गर्मी में पसीने से तर बतर रहना पड़ा। रोजमर्रा के काम भी प्रभावित रहे। बगैर बिजली लोगों की प्रेस, मिक्सी, गीजर, टीवी, फ्रीज व दूसरे जरूरी उपकरण बंद रहे।
पीने का पानी हुआ खत्म
बुधवार को बिजली के साथ पानी ने भी लोगों को परेशान किया। जलघरों को बिजली नहीं मिलने की वजह से लोगाें के घरों में पानी नहीं पहुंच पाया। इस कारण अनेक जगहों पेयजल किल्लत गरा गई। लोगाें को पीने का पानी दूसरे इलाकों से भर कर या बोतल बंद पानी खरीद कर लाना पड़ा।
वर्जन :
तूफान के कारण निगम के 43 पोल व तीन ट्रांसफार गिर गए। कुछ जगह तार भी टूटे हैं। इससे निगम को करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। नुकसान का सही आंकलन अभी नहीं आया है। कर्मचारी बिजली व्यवस्था सुचारू बनाने में लगे हुए हैं। कुछ इलाकों ही ज्यादा देर बिजली गुल रही है। ज्यादातर जगह पर दो से चार घंटे बाद ही व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई।
- एसके बंसल, एसई, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम।