सामाजिक संगठनों ने किया प्रदर्शन, सीटीएम को सौंपा ज्ञापन
चरखी दादरी।
कूड़ा लेकर डीसी आवास पर पहुंचे विधायक राजदीप सहित अन्य 56 लोगों पर दर्ज मामलों को खारिज करने की मांग को लेकर बुधवार को शहर में सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। इसमें नगर व्यापार मंडल, किसान संगठन के अलावा कई अन्य संगठन शामिल रहे। व्यापार मंडल ने मामला दर्ज न करने पर शहर का बाजार बंद रखने की चेतावनी दी है। शहर में रोष प्रदर्शन के बाद लघु सचिवालय पहुंचकर सीटीएम मनीष फौगाट को ज्ञापन सौंपा गया। लघु सचिवालय पहुंचे लोगों ने डंपिंग प्वाइंट शिफ्टिंग सहित डीसी का तबादला करने के लिए भी नारे लगाए।
सामाजिक संगठनों के सदस्य बुधवार को खटीकान मोहल्ला स्थित आदर्श धर्मशाला के समीप एकत्र हुए। इस दौरान दादरी के विधायक राजदीप फौगाट ने कहा कि उनकी ओर से शहर की स्वच्छता को लेकर ही आवाज उठाई गई है। शहर में डंपिंग प्वाइंट की वजह से शहर की आबोहवा खराब हो रही है। लोगों को बस्ती के समीप डंपिंग प्वाइंट होने की वजह से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर व्यापार मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पार्षद रविंद्र गुप्ता ने कहा कि विधायक व कुछ अन्य लोगों पर दर्ज मामले वापस लेने चाहिए। रविंद्र गुप्ता ने बताया कि अगर दर्ज मामले वापस नहीं लिए जाते हैं तो भविष्य में बाजार बंद करने का निर्णय भी लिया जा सकता है। प्रशासन को इस पर जल्द ही गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। बाद में प्रदर्शनकारी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। यहां पर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर डीसी का तबादला करने, डंपिंग प्वाइंट शिफ्ट करने, हटाए गए 50 कर्मचारियों को वापस नौकरी पर लेने और दर्ज मुकदमे खारिज करने की मांग की। इसके बाद उन्होंने डीसी की अनुपस्थिति में सीटीएम मनीष फौगाट को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से दर्ज मामलेे वापस लिए जाने की मांग की गई। इस मौके पर विधायक राजदीप सिंह,नगर व्यापार मंडल कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र गुप्ता, किसान नेता कमल सिंह, पार्षद आनंद महराणा, पार्षद कुलदीप गांधी, वीरेंद्र चरखी, जय सिंह लांबा, पार्षद महेश गुप्ता, विक्रम श्योराण, पार्षद मनोज वर्मा, सुभाष स्वामी, इनेलो युवा जिला अध्यक्ष नितिन जांघू, सुमित राणा, कृष्ण कुमार आदि शामिल थे।
यह है मामला
महेंद्रगढ़ चुंगी डंपिंग प्वाइंट का कूड़ा विधायक राजदीप फौगाट पार्षदों व लोगों सहित ट्रैक्टरों में डालकर डीसी आवास लेकर पहुंचे थे। इस दौरान प्रशासन ने एक मई तक समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। इसके बाद ट्रैक्टरों के कचरे को रानियां वाला जोहड़ डंपिंग प्वाइंट पर डाला गया था और ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया गया था। प्रदर्शन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था बाधित रहने पर सिटी थाना पुलिस ने रोड जाम का पर्चा दर्ज किया था जबकि प्रशासन ने म्यूनिसिपल एक्ट के तहत भी केस दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही शहर में सभाएं आयोजित कर प्रशासन के कदम की कड़ी आलोचना की जा रही है।
लघु सचिवालय में तैनात की गई पुलिस
प्रदर्शनकारी खेमे के लघु सचिवालय पहुंचने की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। यहां स्थिति पर काबू रखने के लिए पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों की गुप्तचर विभाग ने मोबाइल में रिकॉर्डिंग भी की। हालांकि इस दौरान शांति बरकरार रही और प्रदर्शनकारी खेमा नारेबाजी करने के बाद ज्ञापन सौंप वापस लौट गया।