पीजीआई में स्वाइन फ्लू से एक और मौत
- उत्तराखंड के नैनीताल से एक हफ्ते पहले आया था 70 वर्षीय मरीज, सोमवार को बहादुरगढ़ की महिला की हुई थी मौत
- एक स्वाइन फ्लू संदिग्ध मरीज का अभी चल रहा है उपचार
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
पीजीआई में बुधवार को स्वाइन फ्लू से पीड़ित एक और मरीज की मौत हो गई। उत्तराखंड के नैनीताल का रहने वाला 70 वर्षीय मरीज करीब सात दिन पहले पीजीआई आया था। स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद इसका उपचार किया जा रहा है। पीजीआई में पिछले तीन दिनों में स्वाइन फ्लू से पीड़ित अब तक दो मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि एक स्वाइन फ्लू से पीड़ित मरीज का उपचार चल रहा है। वहीं पीजीआई प्रशासन का दावा है कि स्वाइन फ्लू के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं।
पीजीआई में उत्तराखंड के नैनीताल से करीब सात दिन पहले 70 वर्षीय एक मरीज उपचार के लिए आया था। मरीज की स्वाइन लू की पुष्टि होने के बाद वार्ड-सी से आईसीयू में रखा गया था। बुधवार को उसकी मौत हो गई। वहीं सोमवार सुबह बहादुरगढ़ से आई स्वाइन फ्लू पीड़ित महिला की मौत हो गई थी। पिछले तीन दिनों में स्वाइन फ्लू से दो मरीजों की मौत के बाद संस्थान में हड़कंप मच गया है। अब सुरक्षा गार्ड से लेकर डॉक्टर, नर्स सभी एनवन एचवन मास्क लगा कर घूम रहे हैं। पीजीआई प्रशासन ने बताया कि पिछले सात दिनों में चार स्वाइन फ्लू संदिग्ध मरीज आए थे। इनमें से तीन की स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। अब तक दो की मौत हो चुकी है, जबकि एक मरीज के स्वास्थ्य में सुधार होने के चलते छुट्टी दे दी गई। हालांकि अभी इसकी जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। इसके अलावा रेवाड़ी की एक महिला मरीज को स्वाइन लू की पुष्टि है, उसका ब्लाक सी में उपचार जारी है।