डंपर की टक्कर से बाइक सवार, रेफर
चरखी दादरी। खेड़ी बूरा के समीप तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बिरही कलां निवासी दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। वहीं आरोपी डंपर चालक वारदात के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। सदर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव बिरही कलां निवासी हरेंद्र व राहुल बुधवार को किसी काम से बाइक पर सवार होकर दादरी आए थे। काम निपटाकर वो दोनों बिरही कलां जा रहे थे तभी खेड़ी बूरा के समीप तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना में दोनों बाइक सहित सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घायलों को उपचार के लिए दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। इसी दौरान आरोपी चालक मौका पाकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। सिविल अस्पताल से हरेंद्र व राहुल को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायलों के बयान दर्ज नहीं हो पाए है। सदर थाना प्रभारी प्रेम सिंह का कहना है कि प्राथमिक सूचना हमारे पास आ चुकी है। जल्द ही घायलों के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।