मुख्यमंत्री मनोहर लाल के शनिवार को प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस ने सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। हिसार में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के घेराव व किसानों के प्रदर्शन से सबक लेते हुए पुलिस किसी तरह की कोताही बरतने के मूड में नजर नहीं आ रही है। यही वजह है कि सीएम के आगमन से करीब 24 घंटे पहले ही कार्यक्रम स्थल पुलिस ने अपनी निगरानी में ले लिया है। सीएम की सुरक्षा में 9 डीएसपी, 15 इंस्पेक्टर समेत 1500 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया हैं। इसके लिए दूसरे जिलों से डीएसपी व पुलिसकर्मी विशेष रूप से बुलाए गए हैं।
सांसद डॉ. अरविंद शर्मा के पिता की रस्म पगड़ी कार्यक्रम शनिवार को पुरानी आईटीआई परिसर में होगा। यहां मुख्यमंत्री विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। सीएम की शहर में मौजूदगी कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलनरत किसानों के लिए बेहतर अवसर है। सरकार से मुलाकात व अपनी मांगों के समाधान के लिए किसान कार्यक्रम स्थल का रुख करने की तैयारी में हैं। हिसार में वीरवार को उपमुख्यमंत्री के दौरे के दौरान भी किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया था। ऐसे में सीएम के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर है।
सीएम या उनके काफिल के समक्ष किसी तरह की अड़चन न आए, इसे लेकर पुलिस महकमे ने अपने सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। इसके लिए रोहतक के अलावा अन्य जिलों से भी पुलिस बल मंगाया गया है। यही नहीं, व्यवस्था दुरुस्त बनाने के लिए कुछ डीएसपी विशेष रूप से बुलाए गए हैं। खुद डीएसपी चप्पे-चप्पे पर नजर रखेंगे। इनके साथ इंस्पेक्टरों की भी ड्यूटी लगाई गई है। सभी डीएसपी को इलाका मुखिया के तौर पर अलग-अलग जगह ड्यूटी सौंप दी गई है।
सुरक्षा व्यवस्था का किया रिहर्सल
शहर में सीएम के आगमन पर उनकी सुरक्षा में किसी तरह की चूक न रहे, पुलिस महकमा इस बात का विशेष ख्याल रख रहा है। यही वजह रही कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे रिहर्सल कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। यहां सभी थानों, चौकियों व पुलिस लाइन के कर्मचारी मौजूद रहे। यही नहीं शनिवार सुबह भी एक फुल एंड फाइनल रिहर्सल की जाएगी।
हर संदिग्ध पर रहेगी पुलिस की नजर
सीएम सुरक्षा के लिए पुलिस हर संदिग्ध पर नजर रख रही है। शुक्रवार शाम से ही सुरक्षा प्लान को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया गया है। इसके तहत किसान नेताओं व आंदोलनकारी किसानों से संपर्क साधा गया। उनसे लंबे दौर की बातचीत कर सीएम आगमन पर किसी तरह का हंगामा नहीं करने के लिए समझाया गया, मगर किसान नहीं मानें। ऐसे में पुलिस ने शनिवार के कार्यक्रम में सादे कपड़ों में भी जवान तैनात करने का फैसला लिया है।
शहर के रूट हो सकते हैं डायवर्ट
सीएम सुरक्षा के चलते शनिवार को शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव की संभावना है। हालांकि इस बारे में पुलिस ने किसी तरह की जानकारी सार्वजनिक करने से परहेज बरता है, मगर सीएम के शहर में होने से पुुुुरानी आईटीआई परिसर व आसपास के इलाके में आवागमन मुश्किल रहेगा। यहां सुरक्षा के लिए हर चौक व सड़क पर पुलिस पहरा रहेगा।
किसान नेताओं से दो घंटे की वार्ता में नहीं बनी बात
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यक्रम में होने वाले संभावित विरोध को देखते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर के कक्ष में जिले के तीनों डीएसपी की लंबी वार्ता चली। इसमें किसान नेता अपनी बात पर अड़े रहे। इस दौरान एएसपी नरेंद्र कादियान व डीएसपी सज्जन कुमार भी मौजूद रहे।
सीएम का शनिवार को रोहतक दौरा है। उन्हें एक कार्यक्रम में आना है। किसान आंदोलनकारियों के प्रदर्शन की संभावना है। ऐसे में सीएम की सुरक्षा का विशेष इंतजाम किया गया है। दूसरे जिलों से डीएसपी व पुलिस बल बुला लिया गया है। सभी को उनकी जिम्मेदारी सौंप दी गई है। हर संदिग्ध पर नजर रखी जा रही है। किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- गोरखपाल राणा, डीएसपी हेडक्वार्टर