बैंक अधिकारी बताकर खाते से निकाले 55399 रुपये
ऐलनाबाद। गांव शेखुखेड़ा निवासी एक बैंक उपभोक्ता को अज्ञात व्यक्ति ने अपने आप को बैंक अधिकारी बताकर 55399 रुपये की चपत लगा दी। कुछ देर बाद जब उपभोक्ता के मोबाइल पर रुपये की निकासी का मैसेज आया तो उसे अपने साथ हुई ठगी का पता चला। जिसके बाद बैंक व पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस को दी शिकायत में शरणजोत पत्नी संदीप सिंह निवासी शेखुखेड़ा, ऐलनाबाद ने बताया कि 23 अगस्त को उसके मोबाइल पर एक नए नंबर से फोन कॉल आई। फोन करने वाले ने अपने आप को पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बताया और उसका खाता व एटीएम बंद होने की बात कर उससे नंबर पूछा। उसने विश्वास कर उसे बैंक खाता नंबर व एटीएम का नंबर बता दिया। 24 अगस्त को फोन करने वाले व्यक्ति ने उसका अकाउंट हैक कर खाते से अलग-अलग तरीके से 55399 रुपये की निकासी कर ली। निकासी का मैसेज आने पर उसने पहले बैंक में जाकर बैंक खाता व एटीएम बंद करवाया। इसके बाद पुलिस को भी शिकायत दी। यहां तक के एसपी को शिकायत देकर आरोपियों के ठिकानों के बारे में भी बताया गया। लेकिन पुलिस ने इसके बाद भी मामले में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपी अभी भी उसकी तरह अन्य लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं।