जयपुर इंटरसिटी के इंजन में तकनीकी खराबी से ट्रेन रद्द, यात्री हुए परेशान
- रोहतक में शाम सवा छह बजे पहुंचने का था ट्रेन का समय
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। जयपुर इंटरसिटी के इंजन में तकनीकी खराबी आने के कारण वीरवार को ट्रेन रद्द कर दी गई। जयपुर में ही ट्रेन के इंजन में खराबी आ गई थी। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विभागीय अधिकारियों से भी यात्रियों ने मामले की शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार जयपुर इंटरसिटी रोहतक रेलवे स्टेशन पर शाम छह बजे पहुंचती है। लेकिन वीरवार को जयपुर में ही इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। जिसके कारण ट्रेन जयपुर में ही रोक दी गई। शाम को रोहतक रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के रद्द होने की सूचना फ्लैश कर दी गई। ट्रेन नहीं आने के कारण यात्री परेशानी रहे। कुछ यात्रियों ने ट्रेन रद्द होने पर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। आरोप था कि आए दिन ट्रेन देरी से रेलवे स्टेशनों पर पहुंच रही है। जिसके कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोहतक स्टेशन अधीक्षक बीएस मीणा का कहना है कि ट्रेन आज रद्द रही। इसके अलावा फिरोजपुर पैसेंजर भी अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटा देरी से रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
--
रेल मंत्रालय से की शिकायत
दैनिक रेल यात्री संघ के प्रवक्ता सतपाल सिंह ने आए दिन ट्रेनों की देरी व इंजन मं खराबी को लेकर रेल मंत्रालय को ट्वीट किया है। जल्द समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
---
बुधवार को ही दिल्ली भिवानी पैसेंजर में आ गई थी खराबी
बुधवार को ही दिल्ली भिवानी पैसेंजर के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई थी। जिसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से भी मामले की शिकायत की थी।