मालिक ने खुद तलाशी अपनी गाड़ी, पुलिस बोल रही है लावारिस हालत में खड़ी मिली
सिरसा। राम कॉलोनी से वीरवार रात घर के बाहर से चोरी हुई बुलेरो गाड़ी शनिवार सुबह हुडा सेक्टर पार्ट टू में लावारिस हालत में खड़ी मिली। हुडा चौकी पुलिस ने इसकी सूचना कीर्ति नगर चौकी पुलिस को दी। कीर्ति नगर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, गाड़ी मालिक बलदेव राज ने पुलिस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है। बलदेव राज का कहना है कि गाड़ी की तलाश करते हुए वह शनिवार सुबह बरनाला रोड गया हुआ था। जेल के पास उसे अपनी गाड़ी दिखाई दी। गाड़ी में दो लोग सवार थे। बलदेव ने अपनी गाड़ी का पीछा शुरू कर दिया और सीआईए पुलिस को फोन करके इसकी जानकारी दी। गाड़ी हुडा सेक्टर पार्ट टू में पहुंची तो सीआईए पुलिस ने गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगा दी। पुलिस को देखकर चोरों ने गाड़ी रोक दी और चालक सीट पर बैठा युवक भागने लगा तो सीआईए ने उसे दबोच लिया। इसके बाद पुलिस उसे सीआईए थाने में ले गई।
बलदेव राज का कहना है कि गाड़ी तो मिल गई है लेकिन उसके अंदर से काफी सामान गायब है। इसके अलावा गाड़ी का एक्सीडेंट भी हो रखा है। बलदेव राज का कहना है कि इस मामले में पुलिस काफी झूठ बोल रही है। आरोप है कि पुलिस को गाड़ी लावारिस हालत में नहीं मिली बल्कि पुलिस की ओर से इसे लावारिस खड़ा दिखाया गया है। सीआईए पुलिस ने एक युवकों को दबोचा है। उसे सीआईए थाने में बंद करके रखा गया है। गाड़ी को लावारिस खड़ा दिखाकर पुलिस की मंशा जानने के लिए बलदेव राज सीआईए थाने में गया तो पुलिस ने उन्हें अंदर आनेे नहीं दिया।
ये है पूरा मामला
भारतीय मानव अधिकार एसोसिएशन के जिला महासचिव बलदेव राज का कीर्ति नगर की राम ग ली में है। वीरवार को बलदेव राज ने अपनी बलेरो गाड़ी घर के बाहर खड़ी की थी। वीरवार देर रात करीब दो बजकर दस मिनट पर दो युवक उनके घर के बाहर आए। दोनों ने पहले घर के बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा डंडे से तोड़ा। फिर एक युवक ने फोन करके अपने तीसरे साथी को बुलाया। एक युवक ने चालक खिड़की का शीश तोड़ा, फिर तीनों युवक गाड़ी को धक्का मारकर दो बजकर 23 मिनट पर लेकर चले गए। सुबह सात बजे बलदेव राज उठकर घर के बाहर आया तो गाड़ी नदारद मिली। यह देखकर वह हैरान रह गया। दीवार पर नजर गई तो एक सीसीटीवी कैमरा टूटा मिला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज जांची तो तीन युवक गाड़ी चुराकर ले जाते दिखाई दिए। तीनों में से एक युवक सरदार था। गाड़ी में पांच हजार रुपये और पौधा रोपण में इस्तेमाल होने वाले खास भी उपकरण थे।
कोई क्या बोल रहा है हमें नहीं पता, पुलिस को गाड़ी हुडा सेक्टर पार्ट टू में लावारिस हालत में खड़ी मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है जल्द ही गाड़ी चोरी करने वालों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विनोद कुमार, शहर थाना प्रभारी सिरसा।