खापों और सामाजिक संगठनों का एलान, पद्मावती फिल्म नहीं होने देंगे रिलीज
चरखी दादरी।
भिवानी व चरखी दादरी जिले की खापों सहित राजनेताओं व सामाजिक संगठनों ने पद्मावती फिल्म पर बैन लगाने की मांग करते हुए सोमवार को प्रदर्शन किया। इसके बाद खाप प्रतिनिधियों ने डीसी विजय कुमार सिद्प्पा को ज्ञापन भी सौंपा। इससे पहले रोज गार्डन में सर्वखापीय व सर्वजातीय पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में वक्ताओं ने किसी भी सूरत में पद्मावती फिल्म न चलने देने का एलान भी किया। खास बात यह रही कि प्रदर्शन में शामिल होने भाजपा सांसद धर्मवीर सिंह भी पहुंचे और उन्होंने फिल्म पर बैन लगाने की मांग दिल्ली तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन में करीब 80 गांवों के ग्रामीण उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार पद्मावती फिल्म के विरोध में चरखी दादरी व भिवानी जिलों की खापों से प्रतिनिधियों, राजनेताओं, समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने शहर में पंचायत की और जुलूस निकालकर डीसी को को ज्ञापन सौंपा। सुबह दस बजे विभिन्न खापों व सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग पंचायत में एकत्र हुए। पंचायत की अगुवाई पंवार खाप-32 के प्रधान सतपाल सिंह ने की और मंच संचालन सतेंद्र परमार ने किया। इसमें भिवानी जिले की धामाण और उद्यान खापों के पदाधिकारी भी भाग लेने पहुंचे। गौरतलब है कि इससे पहले दादरी जिले की फौगाट व सांगवान खाप आंदोलन को खुला समर्थन दे चुकी हैं। इनके अलावा अग्रवाल सभा, यादव सभा, ब्राह्म्ण सभा, युवा यादव सभा, नगर परिषद कार्यकारिणी भी आंदोलन में कूदने का एलान गत 23 नवंबर को कर चुकी थीं। लोगों ने इस फिल्म के प्रदर्शन पर पूर्णतया रोक लगाए जाए जाने व फिल्म निर्देशक पर देशद्रोह का केस दर्ज करने की मांग की है। सांसद धर्मबीर सिंह, बीजेपी जिला अध्यक्ष रामकिशन शर्मा, पूर्व सहकारी मंत्री सतपाल सांगवान ने भी विरोध प्रदर्शन का पूर्ण समर्थन दिया। पंवार खाप प्रधान सतपाल सिंह, सांगवान खाप-40 प्रधान सोमबीर सांगवान, सांवड़ सरपंच मदन परमार, पंवार खाप-12 प्रधान बाबू सिंह, फौगाट खाप प्रधान रामदास फौगाट, पूर्व सरपंच सतेंद्र परमार, श्यामपाल रणकौली, हंसराज बौंद कलां, महेंद्र सोनी, सतेंद्र बौंद खुर्द, मास्टर भरत रानीला, सरपंच सांकरोड़ सुनील, सरपंच प्रतिनिधि बौंद कलां गोविंद, सरपंच रणकोली सुनील, सरपंच बास विनोद चौहान, कृष्ण शर्मा सांवड़, खाप-84 अध्यक्ष अनंग पाल सिंह, सरपंच भागेश्वरी हुकम यादव, नगर परिषद चेयरमैन संजय छपारिया सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद रोहित राजपूत, विनोद वाल्मीकि, धामान खाप प्रधान ऋषिपाल, ओमपाल संह चौबारला, रणधीर घिकाड़ा, अधिवक्ता पहलाद सिंह, अग्रवाल समाज से बलराम गुप्ता, रविंद्र यादव, डॅाक्टर होशियार सिंह, सूबेदार मेनपाल, पूर्व सरपंच विनोद बौंद कलां, लांबा सरपंच मनोज, बीडीसी सांजरवास विनोद , ईश्वर, बौंद खुर्द सरपंच महेश, जयबीर रमेश रणकौली, लाला गुर्जर, जयबीर गुर्जर, सोनू रणकौली सहित सांगवान खाप-40, फौगाट खाप, यादव सभा, अग्रवाल सभा, ब्राह्मण सभा के पदाधिकारी शामिल थे।
फिल्म बैन की मांग दिल्ली तक पहुंचा दूंगा: सांसद
सांसद धर्मबीर सिंह भी रोज गार्डन में आयोजित पंचायत को समर्थन देने पहुंचे। मंच के जरिए उन्होंने पंचायत में मौजूद खाप व समाज के लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि वे उनकी इस बात को दिल्ली तक पहुंचाएंगे। सांसद ने भी इस फिल्म के विरोध को सही ठहराया। तत्पश्चात कुछ देर बाद ही सांसद पंचायत स्थल से चले गए। उन्होंने कहा कि जो मांग जिले की खापों की हैं उन्हें जस की तस सरकार के सामने रखेंगे।
संतरी रंग की पट्टियां बांध सड़कों पर किया रोष प्रदर्शन
पद्मावती फिल्म के रिलीज होने पर बैन लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन में शामिल लोगों ने संतरी पट्टियां बांधकर शहर की सड़कों पर विरोध प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन में शामिल लोग नारेबाजी करते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे व ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में इन लोगों ने कहा कि आने वाली फिल्म पद्मावती की कहानी में निर्देशक संजय लीला भंसाली ने पैसे कमाने के उद्देश्य राजपूत इतिहास ही नहीं अपितु पूरे हिंदू समाज के इतिहास को नीचा दिखाने का दुस्साहस किया है। रानी पद्मावती का जौहर केवल राजपूत इतिहास के सम्मान की बात नहीं है ये तो पूरे भारतवर्ष के नारी सम्मान की बात है। फिल्म की कहानी के अनुसार जो कुछ रानी पद्मावती के बारे में दिखाया गया है वह पूरी तरह से सरासर बकवास व झूठ है, क्योंकि कभी भी राजपूत रानियों ने नाच गाना नहीं किया।
फिल्म बैन के साथ संजय भंसाली पर दर्ज हो देशद्रोह का मामला
वक्ताओं ने कहा कि इस फिल्म में पूरे हिंदू समाज में आदर की पात्र रानी पदमावती को नाचते हुए दिखाया गया है। इससे पूरे भारतवर्ष के नारी सम्मान को आघात पहुंचा है जबकि सच्चाई तो यह है कि रानी पदमावती ने 16 हजार रानियों के साथ चितौड़गढ़ नारी सम्मान के लिए, अपने स्त्रीत्व की रक्षा करने के लिए जौहर किया था, इसका हमारा इतिहास गवाह भी है लेकिन जिस तरह से केवल पैसे कमाने के उद्देश्य से इस फिल्म के निर्देशन ने इतिहास को अपने अनुसार तोड़- मरोड़ कर पेश किया है सर्व हिंदू समाज व राजपूत समाज इस दुस्साहस को कभी सहन नहीं करेगा। इन लोगों ने ज्ञापन के जरिए केंद्र व हरियाणा सरकार से इस फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की तथा संजय लीला भंसाली के खिलाफ देश द्रोह का केस दर्ज करवाने की मांग भी की गई।
विरोध प्रदर्शन के ये रहे मुख्य वक्ता
पंचायत में सांसद धर्मबीर सिंसह, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान, सांगवान खाप प्रधान सोमवीर सांगवान, फौगाट खाप प्रधान रामदास फौगाट, पंवार खाप से सांजरवास के पूर्व सरपंच सतेंद्र परमार, सांवड़ सरपंच मदन परमार, सुरेंद्र परमार, सतेंद्र बौंद खुर्द, पंवार-12 से बाबू सिंह, रणधीर घिकाड़ा, ओमपाल चौबारला, बौंद कलां से गोविंद सिंह ने अपने विचार रखे।