डेरा से जुड़ सकते हैं मोड मंडी ब्लास्ट से तार
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान 31 जनवरी 2017 को मोड मंडी में हुए ब्लास्ट की साजिश के तार डेरा सच्चा सौदा से जुड़ सकते हैं। शनिवार को सर्च ऑपरेशन के दूसरे दिन डेरा में गुरमीत राम रहीम की बारूद की फैक्टरी के खुलासे से साजिश के संबंधों को बल प्रदान किया है। यह विस्फोट गुरमीत राम रहीम के पुत्र जसमीत सिंह के ससुर हरमिंदर सिंह जस्सी के काफिले को निशाना बनाकर किया गया था। बम धमाके में 6 लोगों की मौत हो गई थी और 14 लोग घायल हो गए थे।
पंजाब के पूर्व कांग्रेसी विधायक एवं डेरा प्रमुख के समधी हरमिंद्र सिंह जस्सी स्वयं शक जता चुके हैं कि डेरा सच्चा सौदा का हाथ इस घटना में हो सकता है। मामले की जांच में जुटी पंजाब पुलिस को घटना स्थल पर बैटरियां, टाइमर्स और कई उपकरण मिले थे। खुफिया एजेंसियों के सूत्रों के मुताबिक जांच में पता चला है कि इन चीजों की खरीद सिरसा से हुई थी। करीब एक माह तक पंजाब पुलिस के अधिकारी सिरसा में जांच करते रहे। काफी लोगों के बयान भी दर्ज किए थे। पंजाब में डेरा प्रमुख का बड़ा प्रभाव है। इसी कारण पंजाब सरकार ने बम धमाके की जांच को आगे नहीं बढ़ाया। डेरा में विस्फोटक पदार्थ मिलने से अब ऐसी आशंका जताई जा रही है कि मोड मंडी ब्लास्ट में जिस विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल हुआ वह डेरा में ही तैयार किया गया था। फोरेंसिक विशेषज्ञ बम ब्लास्ट के बाद मौके से लिए गए नमूनों के आधार पर डेरा में मिले विस्फोटक पदार्थ का मिलान करेंगे। बता दें कि पिछले कुछ सालों से पूर्व विधायक हरमिंदर सिंह जस्सी के डेरा प्रमुख के परिवार से संबंध अच्छे नहीं चल रहे हैं। इसलिए ब्लास्ट के बाद जस्सी ने डेरा सच्चा सौदा पर शक जाहिर करते हुए मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की थी।