अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
जीएसटी में कपड़े पर लगाए गए पांच प्रतिशत टैक्स के विरोध में बुधवार को शहर की प्रमुख शौरी मार्केट में सन्नाटा छाया रहा। तीन दिवसीय बंद में मंगलवार को कुछ रिटेल व्यापारियों ने दुकानें खोली थीं। अब तीनों एसोसिएशन के एक साथ आने से बुधवार को मार्केट पूरी तरह बंद रहा। मार्केट एसोसिएशन के प्रधान राजीव मल्होत्रा, गुलशन ईश पुनियानी और राजकुमार सहगल समेत सैकड़ों व्यापारियों ने जीएसटी के खिलाफ नारेबाजी की। सभी व्यापारी और दुकानदार दिनभर शटर गिराकर दुकानों के बाहर बैठे रहे। प्रधान राजीव मल्होत्रा ने जीएसटी को नहीं हटाए जाने की सूरत में बड़े आंदोलन करने की चेतावनी दी। उन्होंने मौजूदा केंद्र सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कपड़े पर तुरंत टैक्स हटाने की मांग की। व्यापारी शुक्रवार को काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे।
कपड़ा व्यापारियों ने किया सदबुद्धि यज्ञ
रोहतक। शौरी क्लाथ मार्केट के प्रधान गुलशन ईश पुनियानी की अध्यक्षता में बुधवार को कपड़ा व्यापारियों ने चौक पर सदबुद्धि यज्ञ किया। उन्होंने भगवान से सरकार को बुद्धि देने की प्रार्थना की। प्रधान गुलशन ने कहा कि इस पांच फीसदी टैक्स से कारोबार बुरी तरह प्रभावित होगा। 30 जून को मार्केट चौक पर कपड़ा व्यापारी हाथों पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर अंशिम सिंधवानी, बंटी भालोठिया, दीपक बंसल, पंकज मिगलानी, हरीश अरोड़ा, दीपक बंसल, सुरेश सिंगल, रविन्द्र बंसल, अशोक गर्ग, नंदलाल तनेजा, प्रशांत खुराना, यशपाल अरोड़ा, सोमनाथ सचदेवा, सतीश गर्ग, संजय लाल, कमल अनेजा, मंगल सैन, कमल अनेजा, हरीश ईशपुनियानी, राजू गोयल, विपिन भाटिया, राजेश कुमार, संजय जैन और सुभाष सिंगला मौजूद रहे।
ग्राहकों को लौटना पड़ा खाली हाथ
एशिया की सबसे बड़ी कपड़ा मार्केट में आम दिनों ग्राहकों की जमकर भीड़ रहती है। बंद के दूसरे दिन भी कुछ ग्राहक दुकानें खुली होने की आस से आए, मगर उन्हें लौटना पड़ा। कई ग्राहकों को शादी की खरीदारी करने होलसेल की बड़ी दुकानों पर जाना था। उन्होंने निराश होकर दूसरी रिटेल दुकानों का रुख किया।
आज पहुंचेंगे पूर्व सीएम और सांसद
शौरी क्लॉथ मार्केट के प्रधान गुलशन ईश्पुनियानी ने बताया कि व्यापारियों को समर्थन देने वीरवार को पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा आएंगे।
मर्केंटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन ने की बड़े आंदोलन की तैयारी
रोहतक। दी रोहतक मर्केंटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन प्रधान राजीव मल्होत्रा ने कहा कि सरकार की मंशा व्यापारियों को गुलाम बनाने की लग रही है। जब तक सरकार कपड़े पर जीएसटी वापस नहीं लेती, व्यापारियों का आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर रिटेल क्लाथ एसोसिएशन के प्रधान राजकुमार सहगल, सतनारायण, श्याम चावला, ललित गोसाई, मिंटू चुघ, अनिल दुर्गे सुभाष बंसल, अशोक आहूजा, राम अवतार गुप्ता, प्रदीप सपड़ा, अनिल बजाज, विनोद धींगड़ा, देसराज जुनेजा, गुलशन चावला, सुनील नासा, लवली गुगनानी, प्रवीण गिरधर, सचिन मल्होत्रा, प्रवीण सिक्का, गुलशन जुनेजा, बिशंबर मदान, हरीश आहूजा, नंद खन्ना, राजीव तनेजा, नरसिंह दास बंसल, हरीश मुक्खी, भगवान दास चावला, राधे पूठी वाला, धीरज मलिक और जितेंद्र कोचर मौजूद रहे।