फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस की 141 टीमें सड़कों पर फिर भी बैंक्वेट हॉल संचालक से डेढ़ लाख की लूट

विज्ञापन
पुलिस ने नाका लगा कर नाईट डोमिनेशन अभियान चला कर वाहनों की जांच की। विज्ञप्ति
विज्ञापन
रोहतक। शुक्रवार की रात एक तरफ रात्रि गश्त (नाइट डोमिनशेन) अभियान के दौरान पुलिस की 141 टीमें जिले की सड़कों पर गश्त कर रही थी। वहीं दूसरी तरफ गढ़ी बोहर के नजदीक शादी समारोह में आए निजी बैंक्वेट हॉल संचालक राजकिशन पांथी से तीन युवक डेढ़ लाख रुपये छीनकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस वारदात को पैसे के लेनदेन से जोड़कर देख रही है।
विज्ञापन

उधर, शनिवार दोपहर एक युवक भिवानी रोड पर घर से ऑफिस जा रही बिजली निगम की महिला कर्मी का पर्स छीनकर भाग गया। पर्स में 3 हजार रुपये की नकदी व मोबाइल फोन था। इस संबंध में आईएमटी व शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस जांच पड़ताल कर रही हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक झंग कॉलोनी निवासी राजकिशन पांथी ने दी शिकायत में बताया कि वह खरावड़ स्थित हनुमान मंदिर के पास स्थित बैंक्वेट हॉल में पार्टनर है। शुक्रवार रात को उसके परिचित सरदार मंजीत शाह के बेटे की गढ़ी बोहर के नजदीक बैंक्वेट हॉल में रिंग सेरेमनी थी। रात 11 बजे वे समारोह में पहुंचे। समारोह में शामिल होने के बाद पार्किंग में कार लेने आये तो तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। एक युवक ने उनकी कनपटी पर चाकू अड़ा दिया, जबकि दूसरे ने पीछे से पकड़ लिया। तीसरे युवक ने जेब से डेढ़ लाख रुपये की नकदी निकाल ली। इसी बीच पार्किंग में ही आ रहे सरदार अजीतपाल ने शोर मचाया तो युवक कार में सवार होकर फरार हो गए।
विज्ञापन

एडवांस बुकिंग के पैसे लेकर आया था बैंक्वेट हॉल संचालक
राजकिशन ने बताया कि एडवांस बुकिंग की राशि आई हुई थी। घर आते समय बैंक्वेट हॉल के मैनेजर ने राशि दे दी। रास्ते में दोस्त के बेटे की रिंग सेरेमनी थी। सोचा, वहां भी पहुंचकर बधाई दे आता हूं। मुझे नहीं पता था कि यूं वारदात हो जाएगी। इसके अलावा पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में दो युवकों को वह जानता है। वे कलानौर के रहने वाले हैं, जबकि तीसरे को सामने आने पर पहचान सकते हैं।
पैसे के लेनदेन के विवाद से इनकार नहीं, दोनों पक्षों से करेंगे पूछताछ
रात को नाइट डोमिनशेन के चलते पुलिस गश्त पर थी। अचानक वीटी हुई कि तीन कार सवार गढ़ी बोहर के नजदीक बैंक्वेट हॉल के बाहर डेढ़ लाख रुपये छीनकर ले गए। पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायतकर्ता के बयान पर लूट का केस दर्ज कर लिया। प्रारंभिक जांच में कुछ ऐसे तथ्य मिले हैं, जिससे मामला पैसे के लेनदेन का भी हो सकता है। क्योंकि दो आरोपियों को शिकायतकर्ता पहले से जानता है। रविवार को दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी।
- इंस्पेक्टर कैलाशचंद, थाना प्रभारी आईएमटी
.......................
छह घंटे 141 टीमों ने 45 नाके लगाकर की जांच, 17 आरोपी गिरफ्तार
उधर, पुलिस ने शुक्रवार रात को नाइट डोमिनेशन अभियान के तहत रात 10 बजे से तड़के चार बजे तक पूरे जिले में सर्च अभियान चलाया। 45 नाके लगाकर 1876 वाहनों की जांच की गई। जांच में पुलिस ने 17 आरोपियों को काबू किया, जिसमें दो देसी पिस्तौल, 1 किलो 548 ग्रामअफीम, 4.50 ग्राम हेरोइन व 149 बोतल देसी शराब बरामद हुई।
एसपी उदय सिंह मीना ने बताया कि सभी डीएसपी, थाने व चौकी प्रभारी गश्त पर रहे। गश्त के दौरान 605 दो पहिया वाहन, 577 चार पहिया वाहन व 694 बड़े वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान नियमों की अवहेलना करने वाले 28 वाहनों के चालान किए गए व 2 वाहनों को जब्त किया गया। गश्त के दौरान होटल, ढाबों, बाजारों, पार्कों, एटीएम बूथ भी खंगाले। पुलिस द्वारा 143 से ज्यादा सार्वजनिक स्थानों की चेकिंग की गई व संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर 19 अजनबी पर्चे काटे गई। केस दर्ज कर 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसमें दो आरोपियों से 2 अवैध देसी पिस्तौल, 149 बोतल अवैध देसी शराब व एक हजार 90 रुपये बरामद हुए है। इसके अतिरिक्त आरोपियों से 1 किलो 548 ग्राम अफीम व 4 किलो 50 ग्राम हेरोइन भी बरामद हुई है।
-------------------------
ड्यूटी पर जा रही बिजली निगम की एएलएम का पर्स छीना
रोहतक। दिनदहाड़े एक युवक भिवानी रोड पर ओवरब्रिज के ऊपर से नीचे सीढ़ियों से उतर रही बिजली निगम की एएलएम का पर्स छीनकर ले गया। पर्स में 3 हजार रुपये की नकदी, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड व मोबाइल फोन था। इस संबंध में शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर एक निवासी निधि रोहिल्ला ने दी शिकायत में बताया कि वह बिजली निगम में एएलएम के तौर पर कार्यरत है। शनिवार को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे ऑटो से भिवानी रोड स्थित कार्यालय में जा रही थी। वह वाल्मीकि चौक पर ऑटो से उतर कर पैदल कार्यालय की तरफ जाने लगी। जब वह ओवरब्रिज की सीढ़ियों से होते हुए नीचे उतर रही थी तभी एक युवक सीढ़ियों के रास्ते ऊपर चढ़ रहा था। उसने झपट्टा मारकर उसका पर्स व मोबाइल फोन छीन लिया और सीढ़ियों से होते हुए ऊपर की तरफ भाग गया। उसके पर्स में डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, 3 हजार रुपये की नकदी व मोबाइल फोन भी था। मामले की सूचना पाकर अनाज मंडी पुलिस चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद अज्ञात युवक के खिलाफ झपटमारी का केस दर्ज कर लिया। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें