एन्हांसमेंट के विरोध में 27 को रोहतक मेें निकाला जाएगा कैंडल मार्च
- स्टेट वर्किंग कमेटी की मीटिंग में राज्य के 14 जिलों में कैंडल मार्च निकालने का शेड्यूल किया गया तय
- आठ जुलाई को जींद में रैली निकालने के साथ ही जेल भरो आंदोलन के साथ प्रधानमंत्री आवास का होगा घेराव
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। एन्हांसमेंट के विरोध में पानीपत में सेक्टर वासियों का धरना जारी है। इसी दौरान रविवार को राज्य के 14 जिलों में एन्हांसमेंट के विरोध में कैंडल मार्च निकालने की तिथियां निर्धारित की गई। सेक्टर वासियों की स्टेट वर्किंग कमेटी की एक मीटिंग हुई, जिसमें कैंडल मार्च के साथ ही जींद रैली, जेल भरो आंदोलन और प्रधानमंत्री आवास के घेराव की रूपरेखा तैयार की गई। राज्यपाल से मुलाकात करने और नगर निकाय चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी का बहिष्कार करने का भी फैसला लिया गया।
स्टेट वर्किंग कमेटी के पदाधिकारी रोहतक सेक्टर-1 आरडब्ल्यूए के प्रधान कदम सिंह अहलावत ने बताया कि रोहतक में 27 जून को कैंडल मार्च निकाला जाएगा। 22 से 05 जुलाई तक रोज एक जिले में कैंडल मार्च रखा गया। 22 जून को सिरसा, 23 जून को हिसार, 24 जून को फतेहाबाद, 25 जून को भिवानी, 26 जून को जींद, 27 जून को रोहतक, 28 जून को बहादुरगढ़ व झज्जर, 30 जून को पानीपत, एक जुलाई को गुरुग्राम, दो जुलाई को रेवाड़ी, तीन जुलाई को फरीदाबाद, चार जुलाई को कैथल और पांच जुलाई को पंचकूला में कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
इसके बाद आठ जुलाई को जींद में रैली निकालने के साथ ही जेल भरो आंदोलन पर फैसला लिया गया। आठ जुलाई के बाद प्रधानमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। इसके साथ ही राज्यपाल से मुलाकात की जाएगी और एन्हांसमेंट को हटाने की मांग रखेंगे। इसके साथ ही नगर निकाय चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों का बहिष्कार करने का भी फैसला लिया गया है।