फोटो सहित.........
मानसरोवर पार्क में अब सुबह-शाम, सीता-राम, राधे-श्याम
: नगर निगम ने 20 लाख की लागत से लगाए 71 साउंड सिस्टम
: फुटपाथ के चारों तरफ सुबह 5 से 9.30 व शाम को 5 से 9.00 बजे चलेगा सिस्टम
: एक दिन के ट्रायल के बाद निगम ने शनिवार शाम को चालू किया सिस्टम
: सहकारिता मंत्री ने सिस्टम को दी हरी झंडी
: 1971 की पाक पर विजयी पर बनाया गया था पार्क, शहीदों की याद में बना है पार्क में विजयी स्तंभ
: पार्क पर नेता रहे हैं मेहरबान, चाहे कोई भी सरकार बने
विजेंद्र कौशिक।
रोहतक। शहर के मानसरोवर पार्क में अब हर रोज सुबह और शाम धार्मिक गीत व भजन चलेंगे। खासकर भगवान श्रीराम, माता सीता, राधे-कृष्ण, माता भगवती का जागरण व स्तुति और वीर बजरंग बली की महिमा सुनाई देगी। इसके लिए निगम ने 20 लाख रुपये की लागत से पार्क के अंदर फुटपाथ के दोनों तरफ 71 सिस्टम लगाए हैं, जिनमें से 61 ने शनिवार शाम से ही एक दिन के ट्रायल के बाद काम करना शुरू कर दिया। दोपहर सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने भी पार्क में पहुंच कर सिस्टम का निरीक्षण किया और निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
1971 में पाकिस्तान पर शानदार विजय के बाद शहर में विजयी स्तंभ बनाने का फैसला किया गया, इसके लिए मानसरोवर पार्क का निर्माण गया। इसके बाद पार्क के अंदर विजयी स्तंभ बनाया गया। साथ ही 1857 क्रांति के समय की तोप भी रखी हुई हैं। पार्क में हर रोज सुबह व शाम 5 हजार के करीब लोग आते हैं। दिन में भी लोगों का आवागमन लगा रहता है। सप्ताह में शनिवार व रविवार की शाम तो संख्या 7 हजार तक पहुंच जाती है। शहर के बीचोंबीच स्थित पार्क पर चाहे किसी भी दल की सरकार रहे, सौंदर्यीकरण के लिए लाखों रुपये खर्च किया गया है। चौटाला सरकार के कार्यकाल में इनेलो सांसद इंद्रजीत सिंह ने अपने सांसद कोटे से जहां मास्क लाइट लगवाई थी, वहीं हुड्डा कार्यकाल में विधायक भारत भूषण बतरा ने पार्क में मिट्टी डलवाकर नया फुव्वारा लगवाया था। साथ ही हिसार से सांसद रहे नवीन जिंदल ने पार्क के अंदर सबसे ऊंचा तिरंगा लगवाया था। मौजूदा भाजपा सरकार भी पार्क पर काफी मेहरबान है। अब तक 3 करोड़ रुपये की राशि पार्क पर खर्च की जा चुकी है।
बाक्स
खुद ही बंद व शुरू हो जाएगा म्यूजिक सिस्टम
हर रोज सुबह 5 बजे से 9.30 बजे और शाम को 5 बजे से 9.00 बजे तक म्यूजिक सिस्टम चलेगा। इसके लिए गेट के दाया तरफ एक पैनल बाक्स लगाया गया है। बाक्स के अंदर 100 से ज्यादा धार्मिक भजन व गीत रिकार्ड किए गए हैं। हर रोज क्रम के अनुसार ये धार्मिक गीत व भजन चलेंगे। समय के साथ म्यूजिक सिस्टम अपने आप बंद हो जाएगा। अगर नए भजन व गाने लोड करने हैं तो इसके लिए मैकेनिक को बुलाना पड़ेगा।
जगदीश चंद्र, म्यूनिसिपल इंजीनियर नगर निगम
बाक्स
सुबह और शाम हजारों लोग पार्क में घूमने व सैर करने आते हैं। धार्मिक भजन व गीतों से सकारात्मक माहौल बनेगा। साथ ही लोगों के अंदर आत्मविश्वास व परमपिता के प्रति विश्वास और ज्यादा बढ़ेगा। इसी के चलते पार्क के अंदर म्यूजिक सिस्टम लगाया गया है।
मनीष ग्रोवर, सहकारिता मंत्री