अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
बच्चा न मिलने से परिजन बुधवार शाम चार बजे सड़क पर उतर आए। परिजनों ने पीजीआई से नारेबाजी करते हुए अशोका चौक पर आए और तकरीबन आधा घंटा जाम लगा दिया। यहां प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को समझाया। परिजनों ने अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि मंगलवार तक उनका बच्चा नहीं मिला तो वह फिर प्रदर्शन करेंगे। वहीं परिजनों के प्रदर्शन और जाम लगाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में पुलिस ने बच्चे के पिता सहित अन्य परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
बच्चा चोरी मामले में परिजनों के आह्वान पर शाम चार बजे शहर के कई लोग मेडिकल मोड़ में एकजुट हुए। यहां से जुलूस निकालते हुए लोग अशोका चौक पहुंचे। यहां परिजनों ने लगभग आधा घंटा जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। इसी दौरान एक युवक को पुलिस ने राहगीरों के साथ अभद्रता करने पर काबू किया, जांच में पता चला कि वह प्रदर्शनकारियों के साथ नहीं था। वहीं परिजनों ने रोष जताते हुए कहा कि वह 10 दिन से अपना बच्चा चोरी होने के बाद भी शांति से बैठे हैं। चोरी हुए बच्चे की दादी दर्शना, पिता सन्नी और चाचा पंकज ने कहा कि डॉक्टरों पर कार्रवाई से उनका कोई लेना देना नहीं है, उन्हें तो बस उनका बच्चा चाहिए। इस पर मौके पर आए एडीसी अजय कुमार, डीएसपी डॉ. रविंद्र और एसडीएम अरविंद मल्हान ने परिजनों का समझाया कि उन्हें एक सप्ताह का समय दे दो, इस बीच बच्चे का पता लगा लिया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों ने इस मामले में एमएस ओर निदेशक पर भी सरकार से कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर डेयरी एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू सहगल, हरियाणा पंजाबी स्वाभिमान संघ के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत बक्शी, किला रोड मार्केट एसोसिएशन के प्रधान बिट्टू सचेदवा, गुलशन डंग, गुलशन ईश्पुनियानी, अनिता मिगलानी, नौरातामल, विपुल जुनेजा, अमित गिरधर, जसबीर सिंह, संजय सैनी, अशोक खुराना, सूरजमल, विपिन बुद्धिराजा, पंकज सचदेवा, सुरेंद्र सहगल, जय सिंह मोखरा, सुरेश पहलवान, मंजीत नांदल, परमजीत, एनएसयूआई प्रदेश सचिव विश्वेंद्र कादियान, अन्नू रूखी भी मौजूद रहीं।
जाम लगाने पर बुलाया भारी पुलिस और अर्द्धसैनिक बल
मेडिकल मोड़ से आ रहे परिजनों को पुलिस ने अशोका चौक पर रोक लिया। इसके बाद परिजनों के साथ समर्थन में आए लोगों ने जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने अप्रिय घटना से निपटने के लिए अर्द्धसैनिक बल के जवान को बुला लिया। इसके अलावा भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
तकरीबन एक घंटे रहा यातायात बाधित
परिजनों और उनके समर्थकों के प्रदर्शन के दौरान मेडिकल मोड़ से सोनीपत स्टैंड तक जाम जैसी स्थिति बनी रही। तकरीबन एक घंटे बाद यातायात सुचारु रूप से बहाल हुआ। पुलिस ने इस दौरान रूट को डायवर्ट कर स्थिति को काबू में किया।