स्पेन की जगह 2800 मीटर क्षेत्र में डाली निगम ने एलटी एबी केबल
बौंदकलां।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बिजली चोरी पर अकुंश लगाने और लाइन लॉस को कम करने के लिए बौन्दकलां में एलटी एबी केबल डालेगा। ये काम शुरू हो चुका है। निगम टीमों ने कस्बे के कुछ क्षेत्र में तो केबल डालने का काम पूरा कर लिया है। इस केबल को स्पेन लाइन (लोहे के तारों वाली) को हटाकर डाला जाएगा।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की योजना तैयार की है। इसी कड़ी में बिजली निगम द्वारा बौन्दकलां में स्पेन की जगह पर एलटी एबी केबल डलवा रहा है। इससे लोड पड़ने पर तार टूटने, आंधी और बारिश में लाइन ब्रेकडाउन जैसी समस्याओं से भी निजात मिल जाएगी। इसके साथ ही बिजली निगम का मुख्य उद्देश्य कुंडी कनेक्शन वालों पर लगाम कसना है। कुंडी लगाने से जहां पर बार बार फ्यूज उड़ने और बिजली ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने की समस्या आती थी। उससे भी बिजली निगम को राहत मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के तार नीचे होने की समस्या भी आम रहती है। एलटी एबी केबल लगने से ग्रामीणों को इस समस्या से भी छुटकारा मिल जाएगा। अब तक बिजली निगम 2800 मीटर क्षेत्र में एलटी एबी केबल लगा चुका है। इस बारे में जेई प्रवीन कुमार ने बताया कि बिजली निगम पूरे कस्बे में ही एलटी एबी केबल डलवाएगा। कस्बे के कई क्षेत्रों में केबल डलवाई जा चुकी है। शेष क्षेत्र में भी स्टोर से केबल मिलने पर डलवा दी जाएगी। अब तक 2800 मीटर केबल डलवाई जा चुकी है।