फोटो सहित...
म्हारा भविष्य की प्लानिंग के लिए म्हारे पार्षद गंभीर न सरकार
छह साल बाद हुए जिला प्लानिंग कमेटी के चुनाव में 20 सदस्यों का होना था चयन, समय पर पहुंचे 18 का हुआ चयन
जिले के विकास का खाका खींचती है समिति, सरकार के निर्देश पर किया गया चयन
एडीसी बोले, जिले के विकास का मास्टर प्लान तैयार करेगी समिति
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
आम पब्लिक का भविष्य संवारने के लिए म्हारे पार्षद गंभीर नहीं हैं। छह साल बाद जिला प्लानिंग कमेटी का चुनाव हुआ, लेकिन उसमें पूरे सदस्य नहीं पहुंचे। जो सदस्य पहुंचे, उन्हें ही सर्वसम्मति से चुन लिया गया। इसमें जिला परिषद से 10, निगम से 6, सांपला व महम नगर पालिका से एक-एक सदस्य का चयन किया गया है। जिला परिषद से एक सदस्य का चुनाव बाद में किया जाएगा।
जिले में दीर्घ व लघुकालीन विकास कार्यों का खाका तैयार करने के लिए 25 सदस्यीय जिला प्लानिंग कमेटी बनाई जाती है। इसमें 20 सदस्य नगर निगम, नगर परिषद, नगर पालिका व जिला परिषद के सदस्य होते हैं, जबकि 3 अधिकारी डीसी, एडीसी व डीटीपी और 2 आर्थिक मामलों के एक्सपर्ट होते हैं। पार्षदों का चयन वोटिंग या सर्वसम्मति से होता है, जबकि अधिकारियों व एक्सपर्ट को सरकार द्वारा पांच वर्ष के लिए मनोनीत किया जाता है। जिले में 2011 व 2012 में जिला प्लानिंग कमेटी का कार्यकाल खत्म हुआ था। इसके बाद से समिति भंग पड़ी थी। अब प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर चयन कराने की हिदायत दी थी।
बाक्स
19 में से निगम के पहुंचे मात्र 8 पार्षद
नगर निगम के अंदर 20 वार्ड हैं, लेकिन वार्ड नंबर 9 के पार्षद बलराज उर्फ बल्लू अपने पद से त्याग पत्र दे चुके हैं, जबकि बचे 19 पार्षदों का कार्यकाल जून माह में खत्म हो रहा है। जिला प्रशासन के मुताबिक एक सप्ताह पहले पार्षदों को चुनाव के लिए पत्र भेजा गया था। सुबह साढ़े 10 बजे तक जिला विकास भवन में पहुंचकर पार्षदों को अपना नामांकन दाखिल करना था। मात्र आठ पार्षद मौके पर पहुंचे।
बाक्स
किलोई 10 तो गुलशन 20 मिनट लेट, छह का चयन सर्वसम्मति से चयन
वार्ड नंबर 2 की भाजपा पार्षद ममता रानी, वार्ड 10 से भाजपा पार्षद अशोक खुराना, वार्ड 11 से कांग्रेसी पार्षद अनीता मिगलानी, 13 से कांग्रेसी पार्षद संजय सैनी, 15 से भाजपा पार्षद अजय जैन उर्फ टाटू और 17 से भाजपा पार्षद जयकिशन राजोतिया समय पर पहुंच गए और अपना नामांकन दाखिल किया। जबकि वार्ड 18 से पार्षद पूनम किलोई 10 मिनट तो और 12 से कांग्रेसी पार्षद गुलशन ईश पुनियानी 20 मिनट देरी से पहुंचे। इसके चलते पहले छह पार्षदों का सर्व सम्मति से चयन कर लिया गया। हालांकि मौजूदा पार्षदों का कार्यकाल दो माह ही रहेगा। क्योंकि निगम के मौजूदा हाउस का कार्यकाल जून माह में पूरा हो रहा है। इसके बाद नए चुने गए पार्षदों में से जिला प्लानिंग कमेटी के लिए छह सदस्यों का चयन किया जाएगा।
बाक्स
जिला परिषद के 10 सदस्यों का चयन, एक के लिए दोबारा होगा चुनाव
चेयरमैन सहित जिला परिषद के सदस्यों की संख्या 14 है, जिनमें से 11 का जिला प्लानिंग कमेटी में चयन किया जाना था। क्योंकि जनसंख्या के अनुपात के आधार पर सदस्य शामिल किए जाते हैं। वीरवार को जिला विकास भवन में 10 सदस्य ही पहुंचे, जिन्हें सर्वसम्मति मानकर जिला प्लानिंग कमेटी में शामिल कर लिया गया। इसमें वार्ड नंबर 2 से राजीत, 3 से लाजवंती, 4 से कमला देवी, 7 से सतीश कुमार, 8 से नवीन मलिक, 9 से दिनेश, 10 से जयप्रकाश, 11 से राजेंद्र, 13 से धर्मबीर और 14 से लक्ष्मीदेवी शामिल हैं।
बाक्स
महम और सांपला से एक-एक सदस्य चुने, कलानौर नपा से बाद में
जिला प्लानिंग कमेटी में महम नगर पालिका से एक मात्र सदस्य मनोज कुमार पहुंचे, जबकि सांपला से प्रेम नारायण ने नामांकन भरा। दोनों को सर्वसम्मति मानकर चुन लिया गया। जबकि कलानौर नगर पालिका के चुनाव की घोषणा हो चुकी है। ऐसे में वहां से एक सदस्य का चयन नए निर्वाचित पार्षदों में से बाद में किया जाएगा।
बाक्स
भविष्य की प्लानिंग की जिम्मेदारी, अब याद आई कमेटी
न केवल पार्षद, बल्कि सरकार भी जिला प्लानिंग कमेटी को लेकर गंभीर नहीं रहती। क्योंकि कांग्रेस सरकार के समय में 2011 व 12 में कमेटी का कार्यकाल पूरा हो गया था। इसके बाद 2012 से 2014 तक कांग्रेस की हुड्डा सरकार और अब साढ़े 3 साल भाजपा सरकार ने कमेटी का गठन नहीं किया। कमेटी जिले के विकास की भविष्य की योजनाएं तैयार करती है। इसमें पार्षदों के अलावा एक्सपर्ट व अधिकारी भी शामिल होते हैं।
बाक्स
सरकार की हिदायतों के तहत जिला प्लानिंग कमेटी का वीरवार को चुनाव करवाया गया, जिसमें 20 में से 18 सदस्यों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। जिला परिषद व कलानौर नगर पालिका से एक-एक पार्षद का बाद में चयन किया जाएगा। पता चला है कि कमेटी 2011-2012 में भंग हो गई थी। इसके बाद अब गठन हुआ है।
-अजय कुमार, एडीसी एवं कार्यकारी जिला उपायुक्त।