अमर उजाला पड़ताल
रेलवे स्टेशन व ट्रेनों में प्रिंट रेट से अधिक बेची जा रही पानी की बोतलें
- रोहतक रेलवे स्टेशन पर 15 के बजाए 20 रुपये में दी गई पानी की बोतल, पिछले काफी समय से नहीं बिक रहा रेल नीर
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
भले ही रेलवे विभाग रेलवे स्टेशन व पैसेंजर ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिये प्रयासरत हो मगर दुकानदार या फिर सामान की बिक्री करने वाले लोग यात्रियों की जेब पर डाका डाल रहे हैं।
रोहतक रेलवे स्टेशन व पैसेंजर ट्रेनों में रेल नीर की बिक्री नहीं की जा रही है। बोतल पर अंकित मूल्य 15 रुपये के जगह 20 रुपये वसूले जा रहे हैं। वीरवार को अमर उजाला ने पड़ताल की तो यह खुलासा हुआ।
स्थान : रोहतक रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म नंबर 1
समय : दोपहर 1 बजे
रेलवे रोड़ की तरफ से रेलवे स्टेशन पर प्रवेश करते ही दाहिने हाथ पर एक कन्फेक्शनरी है। यहां से रिपोर्टर ने रेल नीर की पानी की एक बोतल मांगी। दुकानदार ने रेल नीर के बजाए पवन लिखी पानी की बोतल दी। जिस पर प्रिंट रेट पंद्रह रुपये लिखा हुआ था। दुकानदार ने रिपोर्टर से 20 रुपये की मांग की। 15 की बजाए 20 रुपये वसूलने के सवाल पर दुकानदार ने कहा कि अब पानी की बोतल महंगी हो गई है। रेल नीर यहां नहीं मिलता है। हालांकि यहां से एक चिप्स का पैकेट भी लिया गया, जो सही रेट में दिया गया।
स्थान : रोहतक रेलवे स्टेशन के प्लेफार्म नंबर 2
समय : 1.30 बजे
यहां से भी रिपोर्टर ने एक रेल नीर की बोतल मांगी मगर यहां से भी पवन लिखी पानी की बोतल उपलब्ध कराई गई। जिसके बदले पंद्रह रुपये मांगे गये। रिपोर्टर ने रुपये दुकानदार को देने के बाद बोतल ले ली। रेल नीर के बारे में पूछने पर दुकानदार ने कहा कि यहां पर रेल नीर के बजाए पवन ब्रांड की बोतल ही आती है।
स्थान : रोहतक रेलवे स्टेशन पर खड़ी दिल्ली को जाने वाली ट्रेन
समय : 1.55 बजे दोपहर
ट्रेन में एक कर्मचारी ट्रेनों में नमकीन, पानी व अन्य खाद्य वस्तुएं बेच रहा था। पानी की बोतल के 20 रुपये लिये गये। रेल नीर मांगने पर देने से इनकार कर दिया। कहा कि रोहतक में रेल नीर नहीं आता है।
100 पेटी मंगवानी पड़ती है साहब
एक दुकानदार ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि साहब रेल नीर रोहतक से नहंीं मिल पाता है। दिल्ली से रेल नीर लाना पड़ता है। दिल्ली से एक दो पेटी नहीं बल्कि सौ से अधिक पेटी खरीदनी पड़ती है। इसलिए रोहतक से ही रेलवे द्वारा स्वीकृत पवन की बोतल खरीदकर यात्रियों को बेची जाती है।
रेलवे स्टेशन या फिर ट्रेनों में पानी की बोतल प्रिंटेड रेट से अधिक बेचने का मामला गंभीर है। कल ही मामले की जांच कराकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- बीएस मीणा, स्टेशन अधीक्षक रोहतक
रेलवे स्टेशनों पर रेल नीर नहीं बेचे जाने तथा प्रिंट रेट से अधिक पानी की बोतल बेचने का मामला गंभीर है। जांच कराकर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यदि कोई भी दुकानदार इस तरह से रेट से अधिक पानी या फिर अन्य खाद्य वस्तुएं बेच रहा है तो उसकी शिकायत संबंधित स्टेशन अधीक्षक से करें। कार्रवाई अमल में लाई जाएगी
- नितिन चौधरी, सीपीआरओ, रेलवे
रोहतक में नहीं है प्लांट
स्टेशन अधीक्षक बीएस मीणा ने बताया कि रोहतक में रेल नीर का प्लांट नहीं है। दिल्ली काफी दूर पड़ता है। जिसके कारण यहां के एक प्लांट से ही पानी की बोतलें मंगवाकर बिक्री कराई जाती है। किसी भी यात्री को किसी तरह की परेशानी है तो सीधे मुझसे शिकायत करें, तुरंत ही कार्रवाई अमली में लाई जाएगी।
रेलवे स्टेशनों पर प्रिंट रेट पर मिलने वाला सामान
चिप्स, कुरकुरे, कोल्ड ड्रिंक, पानी की बोतल, बिस्कुूट पैकेट, ब्रिटेनिया केक आदि।
फोटो परिचय
रोहतक रेलवे स्टेशन पर 20 रुपये में दी गई पानी की बोतल
रोहतक रेलवे स्टेशन पर प्रिंट रेट पर बिक्री की जाने वाली खाद्य वस्तुओं की चस्पा लिस्ट
रोहतक रेलवे स्टेशन
रोहतक रेलवे स्टेशन पर लिखा पानी की बोतल 15 रुपये