कॉलेज में दूषित पेयजल आपूर्ति पर जताया रोष
चरखी दादरी।
जनता पीजी कॉलेज में दूषित पेयजल आपूर्ति पर इनसो पदाधिकारियों ने शनिवार को रोष जताया। उन्होंने इस संबंध में कॉलेज प्राचार्य डॉ. आरएन यादव को ज्ञापन भी सौंपा। इनसो नेता सूरज बेनीवाल ने बताया कि छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध पेयजल पीने योग्य नहीं है। कॉलेज में दूषित पेयजल की आपूर्ति से बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। बेनीवाल ने कहा कि कॉलेज में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सुचारु नहीं की गई तो कड़ा आंदोलन को मजबूर होंगे।
उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं को कॉलेज में उपलब्ध पेयजल के सैंपल लैब में टेस्ट कराए गए तो पाया कि उसमें टीडीएस की मात्रा 1322 एमजी मिली जबकि स्वच्छ पेयजल में टीडीएस की मात्रा 500एमजी से अधिक नहीं होनी चाहिए। इससे साफ है कि कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए उपलब्ध पेयजल दूषित आता है और इसके प्रयोग से बीमारियां बढ़ सकती हैं। ऐसा पानी मुहैया करवा कर छात्रों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कॉलेज में उपलब्ध सभी वाटर कूलर पर आरओ सिस्टम लगवाने की भी मांग की। इस मौके पर छात्र नेता संजीत धवन, छात्र नेता मोनू डूडी, छात्र नेता प्रवेश रावलधी, अभिषेक कंवर, अंकित, गौरव, अरविंद सांगवान, नीरज घीकाड़ा, अमन जांगड़ा, शुभम राजपूत, मोहित योगी, दीपक, विकास धवन, प्रदीप सेहलंगा, सोनू रानीला, टिंकू सोनी, गौतम, सन्नी प्रजापत, भूमित कादियान, अजय मलिक, मनोज, मोहित चरखी, आशुतोष ढाणी, विवेक मिसरी, जतिन वर्मा, दीपक रावलधी, कर्मबीर रावलधी आदि भी मौजूद थे।