भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सुरक्षा में चूक करने पर 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
एसपी पंकज नैन ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की सुरक्षा में चूक करने पर जिला पुलिस के छह कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। इसके अलावा मामले में लापरवाही बरतने वाले बाहरी जिलों के पुलिस कर्मियों की रिपोर्ट संबंधित एसपी को भेज दी है। बताया जा रहा है कि उन्हें भी सस्पेंड कर दिया गया है।
बता दें कि शाह के प्रवास के पहले दिन दो व्यक्ति शराब पीकर उनके कमरे तक पहुंच गये थे। शाह की निजी सिक्योरिटी ने उन्हें पकड़ा था। इसके अलावा संत गोपालदास के नेतृत्व में कुछ लोगों ने मरा हुआ सांड़ कार्यक्रम स्थल के बाहर फेंक दिया था। एसपी ने दोनों मामलों की जांच पड़ताल करवाने के बाद घटनास्थल पर तैनात छह पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया जबकि यहां तैनात बाहरी जिलों के पुलिस कर्मियों की रिपोर्ट तैयार कर उनके एसपी के पास भेज दी है।
वहीं, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के नेतृत्व में अमित शाह का विरोध करने वाले करीब 135 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ निवारक कार्रवाई करने के बाद छोड़ दिया गया। इसी तरह एमडीयू में अमित शाह के कार्यक्रम का विरोध कर प्रदर्शन करने वाले इनसो के करीब 60 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। बाद में उन्हें सुनारिया जेल के पास छोड़ दिया गया। इसी तरह आम आदमी के 75 कार्यकर्ताओं को विरोध प्रदर्शन करते हुए हिरासत में लिया गया है। इन पर भी प्राथमिक कार्रवाई करने के बाद छोड़ दिया गया।
दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के 20 कार्यकर्ताओं ने सीएम मनोहर लाल खट्टर के लिए चिन्हित किए गए मार्ग को रोकने और प्रदर्शन करने के संबंध में उन्हेें हिरासत में लिया गया। बीस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।