जीएसटी से पहले बाजार में बंपर छूट, लोकल-ब्रांडेड उत्पादों के दाम 40 फीसदी तक हुए कम
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। जीएसटी लागू होने के पहले लोकल के साथ ब्रांडेड कंपनियां भी ग्राहकों को भारीभरकम छूट दे रही हैं। इसका लाभ शहर के उपभोक्ता भी उठा रहे हैं। शहरभर के शोरूमों में इन दिनों दीपावली की तर्ज पर सेल चल रही है।
गुड्स एंड सर्विस टैक्स से पहले ज्यादा से ज्यादा माल बेचने के लिए शहर के बाजारों में इन दिनों खासी भीड़ है। चप्पल, जूते, कपड़े, बिजली के सामान और बैग पर इन दिनों धमाकेदार छूट चल रही है। दुकानदारों की मानें तो हर वर्ष मानसून सेल जुलाई से शुरू होती है, लेकिन इस बार जीएसटी के चलते पहले आ गई है। इसे मानसून कम जीएसटी सेल कहें तो गलत नहीं होगा।
एक कंपनी दूसरी कंपनी को पछाड़ने के लिए अधिक से अधिक डिस्काउंट दे रही है। बाजार में टी-शर्ट, शर्ट और जूतों पर 40 प्रतिशत तक छूट है, वहीं बैगस पर 30 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। दिल्ली रोड स्थित एक शोरूम की प्रबंधक नीति ने बताया कि इस समय चल रहे डिस्काउंट की वजह जीएसटी या मानसून सेल नहीं है। कई कंपनियों को अन्य कंपनियों की सेल को देखते हुए मजबूरी में छूट देनी पड़ रही है।
वर्तमान में कंपनियों के लिए बाजार में अपना सेल बढ़ाना सबसे बड़ी चुनौती है। इसके अलावा एक अन्य कंपनी के एरिया मैनेजर ने कहा कि ग्राहकों को दी जा रही छूट के एक नहीं बहुत कारण हैं। जीएसटी के साथ-साथ मार्केट में खुद को बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। आनलाइन सेल भी बाजार में काफी टक्कर दे रही है, इसके चलते ग्राहक दुकान में आकर उत्पाद के रेट पर छूट की डिमांड करते हैं।
आनलाइन बाजार पड़ रहा भारी
बाजार में व्यापारियों की मानें तो वर्तमान में आनलाइन सेल भारी पड़ रही है। यहां कंपनियां 40 से 80 प्रतिशत तक छूट दे रहे हैं। अधिकांश उपभोक्ता आनलाइन शॉपिंग कर इस छूट का लाभ उठाते हैं।