नेहरू कॉलोनी निवासी एक महिला के खाते से साइबर ठगों ने 12 लाख रुपये की ठगी कर ली। अपने बेटे को एमबीबीएस करवाने के लिए दंपति बीते नौ साल में ये पैेसे जोड़े थे।
माता-पिता ने बेटे को एमबीबीएस कराने के लिए पिछले नौ साल में 12 लाख रुपये जोड़े थे लेकिन साइबर ठगों ने यह रकम खाते से दो मिनट में खाली कर दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
नेहरू कॉलोनी निवासी गीत देवी ने साइबर थाने में दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि उनके पति सुनील कुमार निजी कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने बेटे को एमबीबीएस की पढ़ाई करने के लिए निजी बैंक में खाता खुलवाकर 2017 से रुपये जुटाने शुरू किए थे लेकिन 17 सितंबर को उनके फोन पर लगातार ओटीपी आए।
इसके बाद खाते से 12 लाख रुपये कटने का मैसेज आ गया। इसकी बैंक में जाकर जानकारी ली तो पता चला कि खाते से ठगी हुई है। साइबर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि नेहरू कॉलोनी निवासी महिला के खाते से 12 लाख रुपये साइबर ठगों ने उड़ा लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।