फ्लैग : सेक्टर 21ए में काठमंडी के हस्तांतरण का मामला
हेडिंग : मंत्री का बोली का फार्मूला सुनकर चौंक गए दुकानदार
: बोले, मंत्री जी इतने बावलै कौना, कोई बीच में बोली लगाकर पक्का काम कर जाएगा
: मंत्री ने कहा, ठीक है तो दो दिन में हुडा के अधिकारियों और व्यापारियों की मीटिंग करवाकर निकालेंगे कोई समाधान
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। सेक्टर 21ए में काठमंडी के हस्तांतरण को लेकर एक दिन पहले काठमंडी के व्यापारियों ने शिवाजी कॉलोनी चौक पर सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर से मुलाकात की। मंत्री ने आधे घंटा चली मीटिंग में रेट कम करने का एक फार्मूला सुझाया, जिसे व्यापारियों ने खारिज कर दिया। अब मंत्री ने दो दिन में हुडा के अधिकारियों और व्यापारियों की संयुक्त मीटिंग करवाकर कोई रास्ता निकालने का भरोसा दिया है।
काठमंठी के व्यापारी पिंकी यादव ने बताया कि काठमंडी के व्यापारियों को उम्मीद थी कि शनिवार को हुडा के अधिकारी बताएंगे कि 29 हजार रुपये प्रति गज जमीन का भाव उन्होंने किस आधार पर तय किया है। दिनभर इंतजार करते रहे, लेकिन अधिकारियों का संदेश नहीं आया। इसी बीच पता चला कि सहकारिता मंत्री शिवाजी कॉलोनी चौक पर हैं। वे मंत्री से मिलने पहुंचे और मांग कि कम रेट पर सेक्टर 21 ए में प्लाट दिलवाए जाएं। व्यापारियों ने बताया कि मंत्री ने बातचीत के दौरान कहा कि काठमंडी के व्यापारी एक ग्रुप बना लें। हुडा द्वारा आयोजित बोली में पहुंच कर बोली लगाएं। व्यापारी तय कर लें, कितनी बोली लगानी है। इसके बाद आगे का काम वे खुद कर लेंगे। इस पर व्यापारी बोले, मंत्री जी, इतनै बावलै कौनी व्यापारी। कोई बीच में आकर ज्यादा रेट लगाकर प्लाट ले गया तो, उसका तो काम पक्का हो जाएगा। इसके बाद मंत्री ने कहा कि जल्द कैनाल रेस्ट हाउस में हुडा के अधिकारियों और व्यापारियों की संयुक्त मीटिंग बुलाकर कोई न कोई समाधान निकालेंगे। पूरे मामले में जब मंत्री के मीडिया प्रभारी से बात की तो उन्हाेंने कहा कि यह ऑफ द रिकार्ड मीटिंग थी। मामले का उचित समाधान आन रिकार्ड निकाला जाएगा।