अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। भाजपा की ओर से नगर निगम मेयर मनमोहन गोयल के वार्ड चार से भाजपा को अभी प्रत्याशी नहीं मिला है। एरिया के पूर्व प्रत्याशी अजय जैन उर्फ टाटू के चुनाव लड़ने पर संशय बना हुआ है, जबकि मेयर की टिकट मांगने वाले राजकमल उर्फ राजू सहगल भी खामोश हैं। हालांकि चर्चा है कि पार्टी कार्यकर्ता निशा कोचर को पार्टी 4 या 17 से मैदान में उतार सकती है। वार्ड 12 व 15 में भी अभी स्थिति साफ नहीं हो सकी है।
भाजपा के घोषित प्रत्याशी
1. एक नंबर वार्ड से नीलम पांचाल को टिकट दिया है, जो भाजपा के न केवल पूर्व पार्षद हैं, बल्कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष भी हैं।
2. कुसुम पत्नी अशोक जांगड़ा पार्टी की पुरानी कार्यकर्ता हैं। इस वार्ड में बीसी समुदाय की अच्छी वोट हैं, लेकिन वार्ड अनारक्षित हैं।
3. वार्ड से तिलकराज खड़का को भाजपा ने टिकट दिया है, चुनाव घोषित होने के बाद भाजपा में आए। पांच साल पहले उनकी पत्नी सुरेखा ने वार्ड नंबर 2 से चुनाव लड़ा था, लेकिन ममता रानी से हार गई थीं।
4. मेयर प्रत्याशी मनमोहन गोयल का आवास दशकों से बाबरा मोहल्ले में है, जो वार्ड नंबर चार में है। हालांकि गोयल अब डीएलएफ कालोनी में शिफ्ट हो गए हैं, लेकिन रिकॉर्ड के अंदर अब भी उनका पता बाबरा मोहल्ले का ही है। वार्ड से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी अजय जैन उर्फ टाटू के उतरने की तैयारी थी, लेकिन बात नहीं बन सकी।
5. भाजपा ने वार्ड से युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अमित खटक की पत्नी कविता खटक को टिकट दिया है, ताकि युवाओं को भी प्रतिनिधित्व मिल सके।
6. पूर्व पार्षद सुरेश किराड़ को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि यह वार्ड एससी वर्ग के लिए आरक्षित है, लेकिन सामान्य वर्ग की भी अच्छी वोट हैं।
7. भाजपा ने सैनी संस्था के पूर्व प्रधान एवं पूर्व पार्षद बलजीत सैनी को टिकट दिया है। भाजपा में आने से पहले बलजीत सैनी इनेलो से जुड़े रहे थे।
8. पार्टी ने निगम के जनसंख्या के हिसाब से सबसे छोटे वार्ड से रोहताश सैनी को मैदान में उतारा है, जो नया चेहरा हैं।
9. निगम के ग्रामीण एरिया के इस वार्ड से देर रात पार्टी ने रमेश बोहरिया को चुनाव लड़ने की ही झंडी दे दी, हालांकि अधिकारिक घोषणा मंगलवार को होगी। वार्ड से भाजपा की नेत्री मीनाक्षी नांदल भी टिकट मांग रही थीं। वे टिकट न मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात कह रही हैं।
10. भाजपा ने इस ग्रामीण वार्ड से मोनू पत्नी विकास को टिकट दिया है। इस वार्ड में बलियाना, खेड़ी साध व पहरावर और 50 प्रतिशत अस्थल बोहर गांव आता है।
11. पाश इलाके के इस वार्ड से भाजपा ने पवन आहूजा की पत्नी सुमन को टिकट दिया है। पवन सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर के मामा के भाई के लड़के हैं।
12. शीला बाईपास से सोनीपत रोड और दिल्ली रोड के बीच फैले इस वार्ड से अभी भाजपा ने प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।
13. पांच साल पहले पूर्व सीएम हुड्डा के वार्ड से जीत हासिल करने वाले निवर्तमान पार्षद अशोक खुराना की पत्नी कंचन खुराना को भाजपा ने इस वार्ड से टिकट दिया है।
14. पिछले चुनाव में निगम के अंदर सबसे ज्यादा मतों से जीत हासिल करने वाली कांग्रेस समर्थक निवर्तमान पार्षद अनीता मिगलानी के खिलाफ भाजपा ने राधेश्याम ढल को उतारा है। इस वार्ड से सीएम मनोहर लाल के भानजे सन्नी हंस व युवा नेता लवलीन टुटेजा भी टिकट मांग रहे थे।
15. कांग्रेस के मेयर पद की टिकट मांग रहे गुलशन ईशपुनियानी इस वार्ड से चुनाव लड़ सकते हैं। उनके खिलाफ भाजपा अभी प्रत्याशी घोषित नहीं कर सकी है। इस वार्ड से अशोक सहगल व सुभाष डंग टिकट की दौड़ में हैं।
16. जैन समुदाय को प्रतिनिधित्व देने के नाम पर भाजपा ने इस वार्ड से डिंपल जैन को टिकट दिया है, जिनके पति अमित जैन व्यापारी हैं।
17. इनेलो छोड़कर भाजपा में आए राजकमल उर्फ राजू सहगल मेयर की टिकट मांग रहे थे, लेकिन भाजपा ने मनमोहन गोयल को टिकट दिया है। सहगल मेयर का चुनाव सीधा पब्लिक से कराने की घोषणा से पहले इसी वार्ड से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अब चुप्पी साधे हुए हैं।
18. पूर्व पार्षद जयकिशन राजोतिया लगातार वार्ड पार्षद रहे हैं। नई वार्डबंदी के चलते उनका वार्ड महिला प्रत्याशी के लिए रिजर्व हो गया। ऐसे में भाजपा ने उनकी बेटी नीलम को टिकट दिया है।
19. सामाजिक संस्था रोटी डे के संचालक दीपक नागपाल की पत्नी मुक्ता नागपाल को भाजपा ने इस वार्ड से मैदान में उतारा है।
20. पांच साल पहले पूनम किलोई ने कांग्रेस समर्थक प्रत्याशी के तौर पर निगम चुनाव लड़ा और विजयी रहीं। हालांकि एससी समुदाय से होने के बावजूद मेयर नहीं बन सकीं। 2014 के चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गईं। उनके पति सूरजमल किलोई भी पूर्व पार्षद रह चुके हैं।
21. पहरावर गांव के पूर्व सरपंच प्रवीण कौशिक को मेयर प्रत्याशी मनमोहन गोयल का करीबी माना जाता है। वे लंबे समय से वार्ड में सक्रिय हैं। साथ ही गौशाला पहरावर के संरक्षक हैं और सामाजिक कार्यों से भी जुड़े रहे हैं।
22. भाजपा ने जिला महामंत्री धर्मबीर शर्मा को वार्ड से टिकट दिया है। 2004 में पार्टी के मंडल अध्यक्ष रहे हैं। इसके बाद जिला कार्यकारिणी के सदस्य रहे।