नाबालिग लड़की के पिता ने की आत्महत्या, पुलिस पर पैसे लेकर अपहरण कर्ताओं को बचाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। अग्रोहा खंड के एक गांव निवासी एक 45 वर्षीय व्यक्ति ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। व्यक्ति ने सुसाइड नोट में मौत की वजह पुलिस पर पैसे लेकर अपराधियों की मदद करने का आरोप लगाया है। सुसाइड नोट में लिखा है कि करीब दो माह पहले उसकी 16 साल की लड़की का गांव के ही चार युवकों ने अपहरण कर रेप किया था। इस मामले में उसने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच महिला सब इंस्पेक्टर कमला देवी कर रही थी। महिला अधिकारी ने कोर्ट में जबरदस्ती दबाव डालकर उसकी बेटी से अपहरण कर्ताओं के पक्ष में बयान दिलवा दिए। इसके कारण दो आरोपी इस केस से बरी हो गए। महिला सब इंस्पेक्टर ने इस मामले में आरोपियों से रुपये भी लिए हैं।
गौरतलब है कि दो माह पहले अग्रोहा खंड के एक गांव से 16 वर्षीय एक लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। पुलिस ने लड़की के पिता के बयान पर गांव के ही चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। लापता नाबालिग लड़की को पुलिस ने दिल्ली से बरामद कर लिया था। मजिस्ट्रेट के सामने नाबालिग ने अपनी मर्जी से घर से जाने के बयान दर्ज कराए थे और मेडिकल कराने से इंकार कर दिया था। इस केस में दो आरोपी बरी हो गए।
वर्जन
पुलिस ने लड़की के पिता के बयान के आधार पर चार के खिलाफ अपहरण और रेप का केस दर्ज किया था। लड़की को दिल्ली से बरामद किया था। लड़की ने अपनी मर्जी से कोर्ट में घर से जाने के बयान दर्ज कराए थे और मेडिकल कराने से इंकार किया था। अब केस की जांच डीएसपी अमरजीत कटारिया कर रहे हैं।
- कमला देवी, सब इंस्पेक्टर, अग्रोहा थाना।