अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक। जकार्ता में हुए 18वें एशियन खेलों में बॉक्सिंग में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर लाने वाले मायना के अमित पंघाल का शुक्रवार को शहर में जोरदार स्वागत किया गया। अमित के स्वागत के लिए सुबह तिलियार लेक पर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों व पक्ष विपक्ष के नेताओं का तांता लगा हुआ था। शहरवासियों ने जगह-जगह अमित को फूलों-नोटो की माला पहनाकर, बुके भेंट कर, मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
एशियन खेलों में गोल्ड मेडल जीतकर रोहतक व मायना को नई पहचान दिलाने वाले भारतीय लाइटवेट बॉक्सर अमित पंघाल व उनके कोच अनिल धनखड़ का शहरवासियों द्वारा स्वागत किया गया। तय शेड्यूल के हिसाब से अमित को शुक्रवार को सुबह नौ बजे तिलियार झील पर पहुंचना था, लेकिन अमित यहां पर डेढ़ घंटे देरी से पहुंचे। तिलियार झील पर पहुंचते ही उनका गुलदस्ते व फूलों की माला पहनाकर अमित का जोरदार स्वागत किया गया। सुबह ही मायना से सात ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर महिलाएं अमित का स्वागत करने व उसे आशीर्वाद देने के लिए पहुंची थीं। महिलाओं के साथ आसपास के गांव के खिलाड़ी व बुजुर्ग अमित को आशीर्वाद देने पहुंचे थे। तिलियार लेकर पर स्वागत के बाद से ही अमित को उनके ही एक दोस्त की ऑडी ए-4 गाड़ी मेें बैठाकर शहरभर में विजयी जुलूस निकाला गया। शहर में जगह-जगह पर उनका स्वागत किया गया। उनकी विजयी जुलूस तिलियार से शुरू होकर दिल्ली बाईपास, एमडीयू, जाट कॉलेज. नेकीराम कॉलेज, मेडिकल मोड़, डी-पार्क, अशोका, झज्जर चुंगी से होते हुए मायना गांव पहुंचा।
डीसी, एसडीएम, सीटीएम, डीएसओ, बीडीओ ने गुलदस्ता भेंट कर किया स्वागत
बॉक्सर अमित पंघाल का प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा तिलियार झील पर बुके भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। अमित का अशोका चौक पर डीसी डॉ. यश गर्ग द्वारा, तिलियार झील पर एसडीएम राकेश कुमार, सीटीएम महेंद्रपाल, डीएसओ सुखबीर सिंह व बीडीओ द्वारा बुके भेंट कर स्वागत किया गया। इसके साथ शहर में अन्य जगहों पर भी अमित का जोरदार स्वागत किया गया।
कलानौर विधायक दस बजे से पहले ही अमित के पिता को बधाई देकर लौटीं
एशियन खेलों में गोल्ड मेडल जीतकर लौट रहे बॉक्सर अमित पंघाल का स्वागत करने के लिए कलानौर से विधायक शकुंतला खटक पहुंची थीं, लेकिन शहर में शेड्यूल से लगभग डेढ़ घंटे लेट चल रहे बॉक्सर अमित के शहर में पहुंचने से पहले से ही विधायक लौट गईं। विधायक ने अमित की अनुपस्थिति में उनके पिता बिजेंद्र को बुके भेंट कर बधाई दी व अमित द्वारा ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतने की कामना की।
गांव पहुंचने ही मंदिर में जाकर लिया आशीर्वाद
शहर में अमित का जोरदार स्वागत होने के बाद अब बारी थी उनके पैतृक गांव मायना में स्वागत होने की। दोपहर के लगभग एक बजकर 40 मिनट पर गांव पहुंचते ही अमित ने शिव-हनुमान मंदिर में पहुंचकर आशीर्वाद लिया। यहीं पर अमित के पहुंचने से पहले गांव की महिलाओं ने लोकगीतों पर नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया। अमित ने भी मंदिर में आशीर्वाद लेने के बाद परिवार की महिलाओं के साथ डांस किया।
द ग्रेनेडियर एसोसिएशन ने दादा जोगराम व पोते अमित का किया सम्मान
गांव में द ग्रेनेडियर एसोसिएशन के सदस्यों ने पदक विजेता बॉक्सर अमित व उनके दादा जोगाराम को सम्मानित किया। इस दौरान अमित के दादा भावुक नजर आए। अमित के दादा भारतीय सेना में कैप्टन के पद से सेवानिवृत्त हुए हैैं। वर्तमान में अमित भी भारतीय सेना में नायाब सूबेदार के पद पर कार्यरत हैैं।
बलराज कुंडू नेचांदी की गदा, एक लाख नकद का दिया इनाम
स्वागत समारोह में जिला परिषद के चेयरमैन बलराज कुंडू ने अमित पंघाल को चांदी की गदा व एक लाख नकद रुपये देकर सम्मानित किया। इसके साथ कांग्रेस नेता कर्मबीर मायना ने अमित को एक लाख ग्यारह हजार रुपये देकर उनका सम्मान किया। साथ ही उन्होंने अमित के कोच अनिल धनखड़ को ग्यारह हजार रुपये देकर सम्मान किया।
कोच को चांदी की गदा, मनपसंद गाड़ी देने की घोषणा
अमित के परिवार द्वारा उनके कोच अनिल धनखड़ को चांदी की गदा भेंट की गई। साथ ही मंच से कोच को अमित के परिवार द्वारा उनकी पसंद की एक गाड़ी भेंट करने की बात कही गई।