फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक तरफा प्यार में पहले युवक ने विवाहित पर की फायरिंग फिर खुद को मारी गोली

विज्ञापन
विज्ञापन
एक तरफा प्यार में पहले युवक ने विवाहित पर की फायरिंग फिर खुद को मारी गोली
विज्ञापन

सिरसा। एक तरफा प्यार परवान न चढ़ता देख कंगनपुर निवासी युवक ने जिले के गांव बेगू में महिला के घर में घुसकर उसपर गोली चलाने के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उक्त घटना बुधवार सुबह की है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी तो डीएसपी रविंद्र सिंवर सहित आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गोली महिला के सिर से सटकर निकल जाने से उसे थोड़ी चोट आई। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहीं, मृतक के परिजनों का आरोप है कि महिला व उसके परिजनों ने एक साजिश के तहत उनके पुत्र की हत्या की है।
जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे एक युवक गांव बेगू स्थित एक घर में जबरदस्ती घुस आया। घर में एक महिला व उसके सास-ससुर मौजूद थे। युवक ने कमरे में घुसते ही महिला पर पिस्तौल से गोली चला दी। गोली महिला के सिर से सटकर दीवार में जा लगी। गोली की आवाज सुनते ही पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए। युवक भाग न पाए इसलिए ग्रामीणों व परिजनों ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद युवक ने कमरे में ही खुद की कनपटी पर पिस्तौल रखकर गोली चला दी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर डीएसपी रविंद्र सिंवर, सदर थाना प्रभारी जगदीश जोशी व सीआईए प्रभारी धर्मवीर मौके पर पहुंचे और कमरे का गेट खोला। जैसे ही गेट खुला पूरे कमरे में खून ही खून बिखरा हुआ था। कमरे की दीवारों पर खून के छींटे लगे मिले। मृतक युवक का शव बैड के पास नीचे गिरा पड़ा मिला। शव के पास ही पुलिस को 315 बोर का अवैध पिस्तौल गिरा पड़ा मिला। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घरवालों से पूछताछ की तो युवक की पहचान कंगनपुर रोड गली कालड़ा स्वीट्स निवासी 22 वर्षीय भूपेंद्र सैनी के रूप में हुई। घरवालों ने पुलिस को बताया कि भपेंद्र सैनी महिला को काफी समय से तंग कर रहा था। महिला बेगू रोड स्थित एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थी। परिजनों का आरोप है कि महिला जब स्कूल आती जाती तो भूपेंद्र उसका पीछा करके उसे परेशान करता था। बुधवार सुबह वह पिस्तौल लेकर घर में घुस आया और महिला पर गोली चला दी। घायल महिला छह माह से गर्भवती है।
विज्ञापन

युवक के पिता ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के पिता प्रेम सैनी का आरोप है कि भूपेंद्र व महिला के बीच करीब दो सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला जब स्कूल में टीचर थी तभी उसकी मुलाकात भूपेंद्र से हुई थी। आरोप है कि महिला ने भूपेंद्र से काफी रुपये भी ले रखे थे और वह कुछ समय से उसे टॉर्चर भी कर रही थी। महिला व उसके ससुराल वालों ने एक साजिश के तहत भूपेंद्र को घर बुलाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। प्रेम सैनी पुलिस से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
युवक के खिलाफ दी थी शिकायत
महिला के परिजनों ने आठ महीने पहले भूपेंद्र के खिलाफ सिटी थाने में शिकायत दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों की पंचायत भी हुई। पंचायत में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। बाद में फिर से महिला को परेशान करने का सिलसिला शुरू हो गया।
पुलिस कर रही पिस्तौल की जांच
भूपेंद्र ने जिस पिस्तोल से पूरी घटना को अंजाम दिया, वह अवैध है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये पिस्तौल वह कहां से लाया था। इसके लिए पुलिस उसके दोस्तों का पता लगा रही है।
विज्ञापन

जबरदस्ती प्रेम संबंध बनाना चाहता था युवक
ये मामला एक तरफा प्रेम संबंध का है। भूपेंद्र सैनी एक तरफा प्रेम के चलते महिला को काफी समय से तंग कर रहा था। बुधवार को भूपेंद्र महिला के घर में घुस गया और उसपर गोली चलाई। इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर ली। भूपेंद्र ने हमले में अवैध पिस्तौल का इस्तेमाल किया। मृतक भूपेंद्र के खिलाफ जानलेवा हमला करने व शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। जगदीश जोशी, सदर थाना प्रभारी सिरसा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें