मिशन 2019 : मुख्यमंत्री का रोड शो शहर में आज
- विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश भर में किए जा रहे हैं रोड शो
- शाम पांच बजे महाराजा अग्रसेन चौक से शुरू होगा रोड शो
अमर उजाला ब्यूरो
रोहतक।
मिशन 2019 के लिए भाजपा चुनाव मोड में आ गई और हरियाणा के सभी जिलों में जनता से सीधे संपर्क के लिए रोड की रणनीति बनाई गई। इसी के तहत वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का रोहतक में रोड शो है। रोड शो करीब दो घंटे के लिए निकाला जाएगा, जिसमें बाइक सवार भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
हालांकि बाइकों की संख्या को लेकर पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं को कोई निर्देश नहीं दिया गया है। वीरवार की शाम साढ़े चार बजे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर राजीव गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में उतरेगा। यहां से शाम 4:40 बजे वह कैनाल रेस्ट हाउस पहुंचेंगे। इसके साथ ही शाम पांच बजे महाराजा अग्रसेन चौक से रोड शो की शुरुआत होगी। रात में मुख्यमंत्री रोहतक में ही ठहरेंगे और शुक्रवार की सुबह राजीव गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित हेलीपैड से चंडीगढ़ के लिए हेलीकॉप्टर से उड़ान भरेंगे। अतिरिक्त उपायुक्त ओवर ऑल इंचार्ज होंगे, इसके साथ ही रोड शो के सभी स्थानों पर 11 प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर की गई है।
इन कालोनियों से होकर गुजरेगा रोड शो
महाराजा अग्रसेन चौक से लेकर सुभाष रोड स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय तक रोड शो निकाल जाएगा। इस दौरान रोड शो रेलवे रोड, भिवानी स्टैंड, शोरी मार्केट, दुर्गा भवन मंदिर, मॉल गोदाम रोड, डेयरी, कच्चा बेरी रोड, पुरानी सब्जी मंडी रोड, बड़ा बाजार, गुलाब रेवड़ी चौक, कसाई वाला चौक, कृष्णा बाजार, किला रोड, दिल्ली गेट मार्केट, गोहाना अड्डा और सुभाष रोड ऑटो मार्केट से गुजरेगा।
सीएम को सोफा देंगे एसपी, मिनरल वॉटर पिलाएंगे सिविल सर्जन
मुख्यमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी को एसपी की है ही, इसके साथ ही उन्हें मुख्यमंत्री के लिए कुर्सी और सोफा मुहैया कराने की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। सीएम के रोड शो के दौरान उनके हर वेन्यु पर यह जिम्मेदारी एसपी के पास ही रहेगी। इसके साथ ही सरकार की ओर से यह भी निर्देश दिया गया कि सिंगल सीटर सोफा या चेयर की गुणवत्ता अच्छी होनी चाहिए। इसके साथ ही सिविल सर्जन मुख्यमंत्री को हर स्थान पर मिनरल वॉटर मुहैया कराएंगे। मुख्यमंत्री के साथ ही उनके साथ मौजूद वीआईपी एवं वीवीआईपी को भी मिनरल वॉटर सिविल सर्जन ही देंगे।
सहकारिता मंत्री ने लिया सीएम के रोड की शो की तैयारियों का जायजा
रोहतक। सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने बुधवार को सीएम को रोड शो की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अग्रसेन चौक पर राष्ट्रगान के साथ रोड शो का श्रीगणेश होगा और विभिन्न संगठनों एवं व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारी नागरिक अभिनंदन करेंगे। फूलों की बरसात की जाएगी और मिठाई वितरित की जाएंगी। हरियाणा सरकार के साढे़ तीन वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री ने जनता से सीधे संवाद के लिए रोड शो को चुना है। इस दौरान मुख्यमंत्री नागरिकों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं का निदान भी करेंगे। इस मौके पर उनके साथ नगर निगम आयुक्त प्रदीप कुमार, नगर निगम डीटीपी केके वार्ष्णेय, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय बंसल आदि मौजूद रहे।