सीएम के आदेश: नो मॉर पावर कट इन द सिटी
चरखी दादरी।
नगर प्रवास कार्यक्रम के दौरान सूबे के मुखिया ने शहरवासियों को दीपावली पर्व पर बिजली कटों से राहत दिलाने का तोहफा दिया है। बिजली निगम अधिकारियों को मनोहरलाल ने शहर में पावर कटों का बंद करने के आदेश दे दिए हैं। इन आदेशों को निगम अधिकारियों ने रविवार से ही अमलीजामा पहना दिया है। वहीं, सीएम ने 12 प्रतिशत लाइन लॉस कम करने के लिए निगम अधिकारियों को छह माह का समय दिया है। सीएम ने स्पष्ट हिदायत दी कि यह लाइन लॉस पावर कटों के जरिए नहीं बल्कि धरातल पर बिजली चोरी पकड़कर व गड़बड़ी वाले मीटर बदलकर प्राप्त करना है। वहीं, सीएम ने बिजली निगम के एक्सईएन भागीरथ लोढ़ा की बहाली के आदेश भी जारी कर दिए हैं। जनता दरबार में शनिवार को एक फरियादी की शिकायत पर सुनवाई करते हुए सीएम ने यह आदेश जारी किए थे, जिन्हें शनिवार देर शाम ही सीएम ने वापस ले लिया।
जानकारी के अनुसार शहर का लाइन लॉस करीब एक साल पहले 55 प्रतिशत और गांव का 70 प्रतिशत से अधिक था। इसे देखते हुए उच्चाधिकारियों के आदेशों पर स्थानीय अधिकारियों ने अप्रैल माह में पावर कट लगाने की प्लानिंग तैयार की थी। इसके तहत फीडर के लाइन लॉस के मुताबिक पावर कट लगाने का प्रावधान था। 20 प्रतिशत से कम लाइन लॉस वाले फीडर पर जहां निगम अधिकारी 24 घंटे बिजली सप्लाई देने का दावा कर रहे थे तो वहीं, 50 प्रतिशत से अधिक लाइन लॉस वाले फीडर पर आठ घंटे तक के पावर कट लगाए जा रहे थे। करीब अगस्त माह में यह लाइन लॉस गिरकर 38 फीसदी पर व इस समय करीब 32 प्रतिशत चल रहा था। शनिवार को आयोजित जनता दरबार में फरियादियों ने शहर में गहराए बिजली संकट का मुद्दा भी सूबे के मुखिया के सामने उठाया था। निगम अधिकारियों की मानें तो इसके मुताबिक ज्यादा लाइन लॉस वाले फीडरों पर ही बीते करीब दो माह से चार घंटे के पावर कट लगाए जा रहे थे। शनिवार देर शाम रेस्ट हाउस में सीएम के ठहराव के दौरान निगम अधिकारियों ने उनसे मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान सस्पेंड करने पर एक्सईएन भागीरथ लोढ़ा ने अपना तर्क सीएम के सामने रखा तो वहीं, सीएम ने शहर में पावर कटों का शेड्यूल बंद करने के आदेश निगम अधिकारियों को दे दिए। सीएम ने आदेश देते हुए कहा कि निगम अधिकारियों को लाइन लॉस तो हर हाल में कम लाना है लेकिन इसके लिए नियमित बिल की अदायगी करने वाले उपभोक्ताओं को परेशान करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि लाइन लॉस को कम करने के लिए जितना हो सके बिजली चोरी पकड़ों। सीएम ने कहा कि टेंपरड मीटरों को जिले में जल्द से जल्द बदला जाए। एसडीओ विक्रम परमार ने बताया कि सीएम के आदेशों पर अब निगम शहरी दस फीडरों पर 24 घंटे बिजली सप्लाई देगा। हालांकि जीरो पावरं कट के समय ही इन फीडरों की बती गुल होना एक अलग विषय है।
बाक्स: किस फीडर का कितना है लाइन लॉस
फीडर लाइन लॉस
वाटर वर्क्स 5.03
चिडिया रोड इंडस्ट्री 6.63
हीरा चौक फीडर 31.92
महेंद्रगढ़ रोड फीडर 28.67
घिकाड़ा रोड 28.091
दादरी सिटी 31.91
बस स्टेंड 26.92
दादरी अर्बन 34.14
चिडिय़ा रोड एक 26.01
एक्सईएन को सस्पेंड करने के आदेश लिए सीएम ने वापस
जनता दरबार में गांव पालड़ी निवासी राजेंद्र की शिकायत पर सुनवाई करते हुए सीएम ने बिजली निगम के एक्सईएन भागीरथ लोढ़ा को सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए थे। इन मौखिक आदेशों को सीएम ने शनिवार देर शाम ही वापस ले लिया। एक्सईएन ने सीएम के सामने मौके के फोटो दिखाते हुए कहा कि फरियादी ने मकान करीब पांच साल पहले बनाया है जबकि यहां एलटी तारें बीस साल पहले डाली गई थी। उन्होंने कहा कि फरियादी ने मामले का पाले टेढ़ा होने का तर्क बताकर डायवर्ट कर दिया। इसके बाद सीएम ने सारी रिपोर्ट लेकर उन्हें सस्पेंड करने के आदेश वापस ले लिए।
निगम ने शिफ्ट करवाए तार
निगम के एक्सईएन भागीरथ लोढ़ा ने बताया कि पालड़ी निवासी राजेंद्र की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सीएम ने तारों की शिफ्टिंग करने के आदेश भी निगम को दिए थे। इसके तुरंत बाद उन्होंने टीम को मौके पर भेजकर बिजली तारें मकान के ऊपर से दूसरी तरफ शिफ्ट करवा दी हैं। उन्होंने बताया कि अगर भविष्य में कोई नीचले स्तर का कर्मचारी इस तरह के मामलों में सुनवाई नहीं कर रहा है तो उक्त कर्मचारी के इस रवैये व अपनी समस्या संबंधी लिखित शिकायत उच्चाधिकारियों को दें।
तीन टीमें अब दिन-रात करेंगी छापामारी
एसडीओ विक्रम परमार ने बताया कि शहर के लाइन लॉस को अब पावर कटों की बजाय बिजली चोरी व गड़बड़ी पकड़र नीचे लाने के आदेश मिले हैं। उन्होंने बताया कि एक्सईएन ने बिजली चोरी पकड़ने के लिए तीन स्पेशल टीमें गठित कर दी हैं। ये टीमें दिन व रात को छापामारी कर बिजली चोरी पकड़ेंगी। एसडीओ ने टीमों की पुष्टि करते हुए कहा कि ये टीमें जेई रामौतार, जतिन व जेई प्रदीप के नेतृत्व में गठित की गई हैं और एक टीमें पांच से छह कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि टीमों ने रविवार से ही अपना काम शुरू कर दिया है।