चार निजी स्कूलों के पानी के सैंपल फेल
चरखी दादरी।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को शहर के विभिन्न स्कूलों में पीने के पानी की जांच की। इस दौरान चार स्कूलों में पेयजल के सैंपल फेल पाए गए। टीम ने इन स्कूलों को नोटिस जारी कर पेयजल में सुधार करने को कहा है। इनमें नेहरू स्कूल, सरस्वती स्कूल, वर्धमान स्कूल शामिल हैं। इस दौरान टीम अधिकारियों ने स्कूली बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी।
जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षक जगदीश कुमार, संजय, इंद्रजीत व हरीश की टीम ने शहर में कई स्कूलों में पीने के पानी की जांच की। इस दौरान पानी के सैंपल लेकर उनकी जांच की गई। उन्होंने बताया कि पानी का ओटी और क्लोरीन टेस्ट किया गया। इसमें चार स्कूलों में पानी के सैंपल फेल पाए गए। निरीक्षक ने बताया कि इन स्कूलों को नोटिस कर पेयजल की गुणवत्ता पर ध्यान दिए जाने को कहा गया है। उन्होेंने बताया कि इस दौरान कई स्कूलों में पानी की टंकी भी साफ नहीं मिली। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बच्चों और शिक्षकों को डेंगू, मलेरिया व वायरल आदि बीमारियों के प्रति सचेत किया।