रोहतक। आतंकवादियों को पनाह देने वाले पाकिस्तान में हुए सेना के हवाई हमले की चौतरफा सराहना हो रही है। आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर वायु सेना ने पुलवामा व अन्य शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है। इस कार्रवाई की जरूरत थी। यह आतंक व आतंकवाद फैलाने वालों के लिए एक नसीहत है। मंगलवार को अमर उजाला ने एयर स्ट्राइक को लेकर पूर्व सैनिकों से बात की तो उन्होंने कुछ इस तरह अपनी खुशी जाहिर की। फिलहाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कदम से भारतीयों का जोश हाई है।
पाक में नहीं रिएक्शन का दम
देश की सर्जिकल-टू के तहत पाक सीमा में चल रहे आतंकी ठिकानों पर वायु सेना ने एयर अटैक किया। वायु सेना ने अपने हवाई हमले में आतंकी ठिकानों को बुरी तरह ध्वस्त कर दिया। इससे पाक सबक जरूर लेगा। पाक में रिएक्शन का दम नहीं है। उसे पता है, ईंट का जवाब पत्थर से मिलेगा।
प्रेम सिंह मलिक, सेवानिवृत्त कांस्टेबल, बीएसएफ।
देर से सही, बेहतर हुई कार्रवाई
सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाक पर एयर स्ट्राइक का दूसरा बेहतर फैसला लिया है। पाक में आतंकी ठिकानों पर हवाई हमला देरी से हुआ। यह पहले ही हो जाना चाहिए था। अब भी बेहतर कार्रवाई हुई है। इसकी जरूरत थी। यही शहीदों का सम्मान ही नहीं, उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देना है।
ओमप्रकाश नेहरा, सेवानिवृत्त एएसआई, बीएसएफ।
दुश्मन को उसी की भाषा में समझाया
पाक को उसकी गैर कानूनी हरकतों के लिए सबक सिखाना जरूरी था। इस एयर स्ट्राइक से पाक समझ ले कि हमें भी घर में घुस कर मारना आता है। वह शांति से रहे, वरना हम भी चुप नहीं बैठेंगे। प्रधानमंत्री ने दुश्मन को उसी की भाषा में सही ढंग से समझाया है। हमें भी सतर्क रहना होगा।
विजय कुमार कोचर, इंस्पेक्टर, आईटीबीपी।