राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन ने लिया घटनास्थल का दौरा, पुलिस से मांगी केस की जानकारी
यमुनानगर। जगाधरी की एक कॉलोनी में हुई बीडीपीओ कार्यालय की क्लर्क की हत्या के मामले में बुधवार को राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन यहां पहुंची। उन्होंने पहले एसपी राजेश कालिया से बातचीत की। इसके बाद मृतका के परिजनों से मुलाकात कर घटनास्थल का दौरा किया। देर शाम पहुंची प्रतिभा सुमन ने पुलिस ने मामले में अब तक की कार्रवाई के बारे में जानकारी हासिल की। वहीं परिजनों को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। चेयरपर्सन ने परिजनों का कहा कि जब तक मामले का खुलासा नहीं हो जाता और आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते वह चैन से बैठने वाली नहीं। उधर, पुलिस ने मामले में मृतका के पति सहित तीन-चार संदिग्धों से पूछताछ की।
महिला आयोग की चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन ने बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जिला सचिवालय में एसपी राजेश कालिया से मिलने उनके कार्यालय में पहुंची। यहां काफी देर तक उन्होंने एसपी कालिया से बीडीपीओ कार्यालय की क्लर्क के मर्डर मामले के संबंध में बातचीत की। इस दौरान एसपी कालिया ने उन्हें मर्डर केस से संबंधित जानकारी दी। अब तक मामले की जांच में जो सामने आया उसे चेयरपर्सन के समक्ष रखा। एसपी ने चेयरपर्सन को आश्वासन दिया कि मामले की जांच सकारात्मक दिशा में है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। वारदात को अंजाम देने वालों को जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध को लेकर पुलिस मुस्तैद रहे। इस दौरान चेयरपर्सन संतुष्ट दिखी। इसके बाद आयोग चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने शहर जगाधरी पुलिस के एसएचओ राकेश कुमार से केस के हालात जाने। पुलिस को निर्देश दिए कि वे जल्द से मामले को सुलझाए। इस दौरान उन्होंने मृतका के भाईयों, दामाद व बेटियों से मुलाकात की। उनके प्रति संवेदना जाहिर की। वहीं उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस मामले में जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी। चेयरपर्सन ने मृतका के परिजनों को कहा कि जब तक मामले का खुलासा नहीं हो जाता वह भी चैन से नहीं बैठेगी।
पड़ोसियों को भी किया जांच में शामिल :
महिला आयोग की चेयरपर्सन के आने से पहले जगाधरी शहर थाना प्रभारी राकेश कुमार टीम के साथ मृतका के घर पहुंचे। जहां पर पुलिस ने मृतका की बेटियों व परिवार के अन्य सदस्यों से भी बातचीत की। पड़ोसियों को भी जांच में शामिल किया गया। इस दौरान एसएचओ राकेश मटोरिया ने मृतक महिला के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चैक की।
पति सहित तीन चार संदिग्धों से पूछताछ :
पुलिस ने मामले में मृतका के पति समेत क्षेत्र के तीन-चार लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया। यहां पुलिस ने इन सभी से बातचीत की। हालांकि पूछताछ में कोई खास बात सामने नहीं आई। पुलिस जांच पूरी होने के बाद केस से संबंधित राज बताने की बात कह रही है। पुलिस अभी तक मृतका की मौत किस कारण से हुई। इसका भी पता नहीं लगा पाई है।
ये है पूरा मामला :
जगाधरी की एक कॉलोनी निवासी 57 वर्षीय महिला एक बीडीपीओ कार्यालय में क्लर्क थी। उसने अपनी दोनों लड़कियों की शादी कर दी थी। पति से अनबन होने पर वह कालोनी में अकेली रहती थी। रोजाना सुबह नौ बजे अपने कार्यालय चली जाती थी। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पड़ोसियों ने महिला के घर का गेट आधा खुला देखा। प्रांगण में सफाई नहीं हुई थी। जब महिला कहीं दिखाई नहीं दी तो पड़ोसी उसके घर पर पहुंच गए। पड़ोसियों ने जाकर देखा तो महिला का शव उसके कमरे में बेड पर दीवार की तरफ दाहिनी करवट लिए हुए अर्धनग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। उसके पैर सलवार से बंधे हुए थे। उसके मुंह में तौलिया ठूंसा हुआ था। चेहरे पर खरोचों के कई निशान थे। महिला के गले से सोने की चेन, कानों से सोने की बालियां, हाथ से अंगूठी व मोबाइल गायब था। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व फ्रिज खुला पड़ा हुआ था। फ्रिज में रखा दूध का पतीला बाहर पड़ा हुआ था। इसके अलावा अलमारी का लॉकर खाली पड़ा था। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात पर हत्या, दुष्कर्म व लूटपाट करने का केस दर्जकर किया था।
वर्जन
पति व कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही कुछ बता पाएंगे। मृतका के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया है। मामले में जांच सकारात्मक दिशा में है। प्रयास है कि वारदात को अंजाम देने वालों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।
राकेश मटोरिया, शहर थाना जगाधरी प्रभारी