रितु फौगाट ने देश को दिलाया पहला रजत पदक
चरखी दादरी।
गीता-बबीता के साथ मैट पर कुश्ती के दांव-पेच सीखने वाली उनकी छोटी बहन रितु फौगाट ने पोलैंड में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में पहला रजत पदक हासिल किया है। अंडर 23 आयुवर्ग चैंपियनशिप के 48 किलोग्राम भारवर्ग में देश को रजत पदक दिलाने वाली रितू फौगाट पहली महिला पहलवान बन गई है। इससे पहले उनकी बड़ी बहनों ने देश के लिए कांस्य पदक जीता था। फाइनल मुकाबले में रितू को टर्की की महिला पहलवान से शिकस्त मिली। रितु के पिता द्रोणाचार्य अवार्डी पहलवान महावीर फौगाट के मन में उसके गोल्ड मेडल न जीतने का मलाल है। रितु की जीत से गांव बलाली में खुशी का माहौल है।
पोलैंड में आयोजित सीनियर चैंपियनशिप में रितु फौगाट की शुरुआत शानदार रही। अपने पहले मुकाबले में ही बुल्गारिया की महिला पहलवान को शिकस्त देकर रितु ने विजयी अभियान को आगे बढ़ाया। इसके बाद रितु फौगाट का मुकाबला चाइना की महिला पहलवान से हुआ। रितू ने ये मुकाबला 4-3 के अंतर से जीता और फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद रितु का फाइनल मैच टर्की की पहलवान से हुआ और मैच 4-4 से बराबरी पर छूटा लेकिन टर्की की पहलवान को टेक्निकल लाभ (क्यूशन) मिलने से उसे विजेता घोषित कर दिया गया और रितु को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। रितु के भाई राहुल फौगाट ने बताया कि रितू अब अप्रैल माह में आस्ट्रेलिया में होनी वाली कामनवेल्थ चैंपियनशिप व जनवरी में होने वाली कुश्ती लीग के लिए तैयारियां शुरू करेगी।
रितू फौगाट के पोलैंड में महिला पहलवान द्वारा रजत पदक जीतने का कीर्तिमान स्थापित करते ही उनके पैतृक गांव बलाली में बधाई देने वालों का तांता लग गया। राहुल फौगाट ने बताया कि रितू इस चैंपियनशिप के लिए पिछले कई माह से लगातार अभ्यास कर रही थी। उन्होंने बताया कि इससे पहले सीनियर वर्ग चैंपियनशिप में गीता व बबीता फौगाट ने कांस्य पदक ही प्राप्त किया था। रितु इस स्पर्धा में देश को रजत पदक दिलाने वाली पहली महिला पहलवान बन गई है।
पिता व कोच महावीर फौगाट को थी गोल्ड की आस
रितू फौगाट के रजत पदक जीतने पर उनके पिता महावीर फौगाट ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि उन्हें रितु से गोल्ड की उम्मीद थी और पूरी स्पर्धा में रितु अच्छा खेली भी। उन्होंने बताया कि फाइनल मुकाबला 4-4 से बराबरी पर छूटने पर भी टर्की की महिला पहलवान को क्यूशन का लाभ मिला और उसे विजेता घोषित किया गया। महावीर फौगाट का कहना है कि रितु अब कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप की तैयारी शुरू करेगी और इसमें देश के लिए स्वर्ण पदक प्राप्त करेगी।