डिपो पर पहुंचा सड़ा और गीला गेहूं , ग्रामीणों ने लौटाया वाहन
बाढड़ा।
गांव जेवली के राशन डिपो पर खराब गेहूं पहुंचने से नाराज ग्रामीणों ने इन्हें वापस भेज दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से इनकी जगह साफ व अच्छे गेहूं भेजने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि डिपो पर पिछले करीब तीन माह से खराब गेहूं पहुंच रहा है। इस गेहूं से दुर्गंध भी आती है। बुधवार को जब राशन उतारने डिपो पर वाहन पहुंचा तो ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने मामले की सूचना सरपंच प्रेम जांगड़ा, जिला पार्षद अनिल बाढड़ा, पंच देवेंद्र को दी और उन्हें मौके पर ही बुला लिया। ग्रामीणों ने उनसे गेहूं की जांच कराने की भी मांग की। ग्रामीणों की मांग पर जब वाहन से गेहूं का कट्टा उतारकर जांचा गया तो गेहूं भीगा व सड़ा हुआ मिला। इसके तुरंत बाद सरपंच व जिला पार्षद ने खाद्य आपूर्ति एवं नियंत्रक विभाग के अधिकारियों से बात कर उन्हें मामले से अवगत कराया। इतना ही नहीं गेहूं लेकर आए वाहन को ग्रामीणों ने वापस भेज दिया। पवन, प्रकाश, सुबेसिंह, नरेश, कर्णसिंह ने प्रशासन से अच्छा गेहूं राशन डिपो पर भेजने की मांग की है।