सीवरेज व्यवस्था ठप होने पर दुकानदारों ने जताया रोष
चरखी दादरी।
पूर्ण मार्केट में जन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते सीवरेज व्यवस्था ठप हो चुकी है। इससे मार्केट के दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्केट प्रधान संदीप फौगाट के नेतृत्व में वीरवार को दुकानदारों ने अपना रोष जताया और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान चेतावनी दी गई अगर इस समस्या को जड़ से नहीं खत्म किया गया तो दुकानदार कड़े कदमों उठाने पर मजबूर होंगे।
मार्केट प्रधान संदीप फौगाट ने बताया कि सफाई न होने से पिछले काफी दिनों से यहां सीवरेज ओवरफ्लो हैं और दूषित पानी गली में जमा रहता है। बदबू से दुकानदारों का दुकानों में बैठना भी दुर्भर हो गया है। उन्होंने बताया कि गंदा पानी जमा होने से एक तरफ जहां दुकानदारों में बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है तो वहीं, इसका असर दुकानदारी पर भी पड़ रहा है। संदीप फौगाट ने बताया कि इस समस्या बारे कई बार विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। पूर्ण मार्केट के दुकानदारों ने समस्या का समाधान न होने पर रोड जाम की चेतावनी भी दी है। इस अवसर पर विकास दलाल, सुरेंद्र, संजय, जितेंद्र सैनी, बिट्टू, सुनील सुहाग, राजेश ख्याली, डॉ. श्याम लाल वर्मा, राजेश वर्मा, विक्रम दलाल, सुरेंद्र मटरी, तेजपाल, मनोज, नंदपाल, सुशील वर्मा सहित अन्य दुकानदारों ने रोष प्रकट किया।